
हरियाणा की मशहूर बॉक्सर और वर्ल्ड चैंपियन स्वीटी बूरा एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह खेल नहीं, बल्कि उनकी शादीशुदा जिंदगी में उथल-पुथल है. स्वीटी ने अपने पति और कबड्डी खिलाड़ी दीपक हुड्डा पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं.
मारपीट के आरोप, दिखाए जख्मों के सबूत
स्वीटी का आरोप है कि दीपक उन्हें रातभर कपड़े उतारकर पीटते थे, मुंह दबाकर मुक्के मारते थे और उनके ऊपर बेवजह शक करते थे. इंटरव्यू के दौरान स्वीटी ने अपने घावों की तस्वीरें भी दिखाईं, जो घरेलू हिंसा की पुष्टि करती हैं.
कैद जैसी जिंदगी, छीन ली गई थी आज़ादी
स्वीटी का दावा है कि दीपक ने उनकी गाड़ी छीन ली, घर से बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी और यहां तक कि ये भी तय करते थे कि वो किससे बात करेंगी और किससे नहीं. उन्हें एक कैदी की तरह रखा जाता था, जबकि बाहर से दोनों की शादी आदर्श मानी जा रही थी.
शादी के बाद खुला सच्चाई का पिटारा
स्वीटी ने बताया कि शादी के कुछ हफ्तों बाद ही उन्हें पता चला कि दीपक के अन्य लड़कों से संबंध हैं. जब उन्होंने इस पर सवाल किया तो जवाब में मारपीट मिली. उनके पास इन संबंधों से जुड़े वीडियो सबूत हैं, जिन्हें वो कोर्ट में पेश करेंगी.
लव मैरिज बना जी का जंजाल
दोनों की मुलाकात 2015 में एक मैराथन के दौरान हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार और फिर लिव-इन और शादी में बदली. 7 जुलाई 2022 को दोनों ने शादी की थी. स्वीटी ने कहा कि लव मैरिज की थी, इसलिए सब सहती रही, लेकिन अब तलाक की अर्जी दाखिल करेंगी.
परिवार का भी नहीं मिला साथ
स्वीटी ने कहा कि जब उन्होंने अपने माता-पिता को मारपीट की बात बताई तो उनका जवाब था – तूने ही चुना है, अब भुगत. अब उन्होंने ठान लिया है कि वो चुप नहीं रहेंगी, और न्याय की लड़ाई लड़ेंगी.




