
मुंबई की वापसी, इंग्लैंड में चुनौती – यशस्वी जायसवाल के दोराहे पर करियर
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) से अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) भी ले लिया था, जिससे उनके टीम बदलने की अटकलें और तेज हो गईं. लेकिन अब यह साफ हो गया है कि जायसवाल ने अपना मन बदल लिया है और वो आगामी डोमेस्टिक सीजन में मुंबई के लिए ही खेलते नजर आएंगे.
यशस्वी जायसवाल को लेकर हाल ही में यह खबरें थीं कि वे मुंबई छोड़कर गोवा की ओर रुख कर सकते हैं. बताया गया कि उन्होंने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) से अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) भी ले लिया था, जिससे उनके टीम बदलने की अटकलें और तेज हो गईं. लेकिन अब यह साफ हो गया है कि जायसवाल ने अपना मन बदल लिया है और वो आगामी डोमेस्टिक सीजन में मुंबई के लिए ही खेलते नजर आएंगे. क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, 30 जून को MCA ने उन्हें वापसी की मंजूरी दे दी है.
अब तक के डोमेस्टिक आंकड़े
यशस्वी का घरेलू क्रिकेट करियर भले ही लंबा न हो, लेकिन उन्होंने अब तक के सफर में शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने 10 रणजी ट्रॉफी मुकाबलों में 863 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 53.93 रहा है. इस दौरान उन्होंने चार शतक भी जमाए हैं. वहीं, लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने 25 पारियों में 1296 रन ठोके हैं, जिसमें उनका औसत लगभग 58 का है और पांच शतक उनके नाम दर्ज हैं. ऐसे आंकड़े उनके क्रिकेट कौशल और निरंतरता को दर्शाते हैं.
इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज की अग्निपरीक्षा
इस वक्त जायसवाल इंग्लैंड दौरे पर हैं, जहां भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज खेली जा रही है. सीरीज के पहले मुकाबले में उन्होंने शतक लगाया और अपनी क्लास का परिचय दिया. हालांकि, यह पारी टीम इंडिया को जीत नहीं दिला सकी. यशस्वी एक बार फिर से ओपनिंग कर रहे हैं और बल्लेबाजी में योगदान भी दे रहे हैं, लेकिन क्षेत्ररक्षण यानी कैचिंग के मोर्चे पर वो कमजोर नजर आए हैं.
कैच ड्रॉप्स से टीम को नुकसान
पहले टेस्ट मैच में यशस्वी जायसवाल ने तीन से चार कैच छोड़े, जो अंततः टीम इंडिया की हार की अहम वजह बन गए. टेस्ट क्रिकेट में एक भी चूक भारी पड़ सकती है, और जायसवाल की फील्डिंग से यह बात एक बार फिर साबित हुई. अब सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि क्या वह अपनी गलतियों से सीखकर अगले मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन कर पाएंगे.




