ओलंपिकक्रिकेट

ओलंपिक में लौटेगा क्रिकेट का जलवा: LA 2028 में T20 फॉर्मेट में पुरुषों और महिलाओं की टीमें करेंगी मुकाबला

क्रिकेट 124 साल बाद LA 2028 ओलंपिक में वापसी करेगा। T20 फॉर्मेट में पुरुष और महिला वर्ग की छह-छह टीमें खेलेंगी। मुकाबले 12 जुलाई से होंगे। कुल 180 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। यह ऐतिहासिक और रोमांचक मौका होगा।

2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक में क्रिकेट एक बार फिर वैश्विक मंच पर दस्तक देने जा रहा है. 124 साल बाद क्रिकेट की ओलंपिक में वापसी होने जा रही है, जिसमें पुरुष और महिला दोनों वर्गों में मुकाबले खेले जाएंगे. अमेरिका के पोमोना शहर में स्थित फेयरग्राउंड्स स्टेडियम को क्रिकेट के लिए चुना गया है, जो एलए से करीब 50 किलोमीटर दूर है.

12 जुलाई से मुकाबलों की शुरुआत, डबल हेडर होंगे खास
क्रिकेट मुकाबलों की शुरुआत 12 जुलाई 2028 से होगी और फाइनल मैच 20 और 29 जुलाई को आयोजित किए जाएंगे. आयोजकों ने जानकारी दी है कि अधिकतर दिनों में डबल हेडर यानी एक दिन में दो मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि 14 और 21 जुलाई को कोई मैच नहीं होगा. कुल छह पुरुष और छह महिला टीमें T20 फॉर्मेट में हिस्सा लेंगी.

हर टीम को मिलेगा 15 खिलाड़ियों का स्क्वाड
पुरुषों और महिलाओं दोनों वर्गों में कुल 90-90 खिलाड़ियों के लिए कोटा तय किया गया है. इसका मतलब है कि सभी 12 टीमों को 15 सदस्यीय स्क्वाड घोषित करने की अनुमति होगी. इस प्रकार कुल 180 खिलाड़ी क्रिकेट की इस ऐतिहासिक वापसी का हिस्सा बनेंगे.

1900 के बाद पहली बार ओलंपिक में क्रिकेट
क्रिकेट इससे पहले केवल एक बार, 1900 के पेरिस ओलंपिक में खेला गया था. उस समय ग्रेट ब्रिटेन और फ्रांस के बीच दो दिवसीय मैच हुआ था, जिसमें ब्रिटेन ने स्वर्ण पदक जीता था. अब, एक सदी से अधिक समय बाद, क्रिकेट एक नई ऊर्जा और व्यापक दर्शक वर्ग के साथ लौट रहा है.

IOC ने पांच नए खेलों को दी हरी झंडी
क्रिकेट के साथ-साथ बेसबॉल/सॉफ्टबॉल, फ्लैग फुटबॉल, स्क्वैश और लैक्रोस (सिक्सेस) को भी LA 2028 के लिए मंजूरी मिल गई है. लॉस एंजेलिस की मेयर कैरेन बास ने कहा, “जब दुनिया इन खेलों के लिए यहां आएगी, तो हम एक ऐसा आयोजन करेंगे जो सबको जोड़ने वाला हो और लंबे समय तक याद रखा जाए.”