क्रिकेट

मैनचेस्टर टेस्ट में बदलाव की बिसात: करुण की कुर्सी डगमगाई, ईश्वरन-सुदर्शन तैयार

मैनचेस्टर टेस्ट में करुण नायर की जगह अभिमन्यु ईश्वरन या साई सुदर्शन को मौका मिल सकता है। ऋषभ पंत की वापसी तय मानी जा रही है, जबकि जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर संशय बना हुआ है।

लॉर्ड्स में मिली 22 रन की हार भारतीय टीम के लिए आंखें खोलने वाली रही. इंग्लैंड के गेंदबाजों ने जिस तरह से दबाव बनाया, उसने भारतीय बल्लेबाजी क्रम की कमजोरियों को उजागर कर दिया. अब 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में होने वाले चौथे टेस्ट से पहले कप्तान शुभमन गिल अपनी प्लेइंग इलेवन में अहम बदलाव कर सकते हैं.

करुण नायर सवालों के घेरे में
इस सीरीज में करुण नायर की बल्लेबाजी सबसे बड़ी चिंता बनकर सामने आई है. छह पारियों में महज 131 रन और 21.83 का औसत मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज के लिए काफी कम है. लॉर्ड्स की दूसरी पारी में LBW होकर आउट होना उनकी लापरवाही दिखाता है. हेड कोच गौतम गंभीर का भरोसा पाने के बावजूद करुण बल्ले से क्लास या समझदारी नहीं दिखा सके.

ईश्वरन या सुदर्शन को मिल सकता है मौका
अब करुण की जगह अभिमन्यु ईश्वरन या साई सुदर्शन को मौका दिया जा सकता है. सुदर्शन को लीड्स टेस्ट में मौका मिला था, जहां उन्होंने दूसरी पारी में 30 रन बनाए. वहीं ईश्वरन का फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड शानदार है – 7841 रन, 48.70 का औसत और 27 शतक. वह डेब्यू के इंतजार में हैं और इस टेस्ट में वह मौका मिल सकता है.

पंत की वापसी तय, बुमराह पर सस्पेंस बरकरार
ऋषभ पंत फिट हैं और स्कैन रिपोर्ट सामान्य आने के बाद उनकी मैनचेस्टर में वापसी तय मानी जा रही है. कप्तान गिल ने भी इसकी पुष्टि की है. हालांकि जसप्रीत बुमराह की उपलब्धता पर अब भी सस्पेंस बना हुआ है. अगर उन्हें आराम दिया गया तो अर्शदीप सिंह को डेब्यू का मौका मिल सकता है, जिन्होंने IPL और T20 इंटरनेशनल में दमदार प्रदर्शन किया है.

नजरें प्लेइंग इलेवन पर टिकीं
टीम इंडिया अब लॉर्ड्स की हार को पीछे छोड़ मैनचेस्टर में नई रणनीति के साथ उतरने को तैयार है. करुण नायर की जगह और बुमराह की फिटनेस पर सबकी निगाहें होंगी. एक बात तय है – टीम अब एक और गलती की कीमत नहीं चुका सकती.