
मैनचेस्टर टेस्ट में ड्रॉ होने को लेकर मैदान पर जडेजा से भिड़े स्टोक्स, कप्तान गिल और गंभीर ने दिया करारा जवाब
भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड टीम के बीच में 5 मैचों की टेस्ट का चौथा मैच मैनचेस्टर में खेला गया। जहां पर भारतीय टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ियों ने अंग्रेजी टीम के जीत के मनसूबों पर पानी फेर दिया। लेकिन इस सब के बीच इंग्लिश कप्तान बैन स्टोक्स को सोशल मीडिया पर ट्रोल होना पड़ा है। क्या है पूरी बात? जानिए…
बैन स्टोक्स रोकना चाहते थे जडेजा और सुंदर का शतक
भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा मैच एक रोमांचक ड्रॉ पर खत्म हुआ। लेकिन मैच का पाँचवाँ दिन काफी रोमांचक रहा है। दरअसल, इंग्लैंड को जीत की महक मिली लेकिन रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने उसके अरमानों पर पानी फेर दिया। दोनों ने आखिरी दो सेशन में बल्लेबाजी की और 203 रन की नाबाद साझेदारी कर मैच को ड्रॉ पर खत्म कर दिया। लेकिन बेन स्टोक्स और इंग्लैंड के बाकी खिलाड़ियों की हरकत ने हर किसी को चौंका दिया। मैच खत्म होने में जब 15-16 ओवर का खेल बाकी था, तब अचानक स्टोक्स ने जडेजा और सुंदर से हाथ मिलाकर ड्रॉ के लिए राजी होने का प्रस्ताव रखा।
लेकिन जडेजा और सुंदर ने उनका ये प्रस्ताव ठुकरा दिया और यहीं से स्टोक्स की थू-थू शुरू हो गई। दरअसल, जडेजा 89 और सुंदर 80 रन पर थे। तभी स्टोक्स की जडेजा से बहस हुई और स्टोक्स सवाल करने लगे कि क्या वो ब्रूक और डकेट जैसे पार्ट टाइम बॉलर्स के खिलाफ शतक मारना चाहते हैं? इस पर जडेजा ने भी जवाब दिया कि वो बाहर क्यों जाएं? जडेजा ने इरादे जाहिर कर दिए थे कि वो अपने शतक पूरे करेंगे और दोनों भारतीय बल्लेबाजों ने ऐसा किया। जडेजा ने जहां अपना पांचवां शतक जड़ा, वहीं सुंदर ने पहली बार टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाया. सुंदर के शतक के साथ ही मैच ड्रॉ पर खत्म हो गया।
गौतम गंभीर ने कही ये बात
भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसपर बात करते हुए कहा कि “अगर इंग्लैंड का कोई बल्लेबाज 90 रन पर खेल रहा होता तो क्या वो लोग ड्रॉ के लिए राजी हो जाते। क्या ये (जडेजा और सुंदर) शतक के हकदार नहीं थे?”
कप्तान शुभमन गिल ने भी दिया जवाब
इस पूरे घटनाक्रम के बारे में कप्तान शुभमन गिल ने भी बात की। उन्होंने “ये उनका (जडेजा-सुंदर का) फैसला था लेकिन दोनों ने बेहतरीन बल्लेबाजी की थी और 90 रन तक पहुंचे थे। इसलिए वो शतक के हकदार थे।” अब टीम इंडिया का सीरीज का आखिरी मैच ओवल के मैदान पर 31 जुलाई से खेलना है।




