क्रिकेट

लखनऊ की गेंदबाजी में भरत का ‘अरुणोदय’: IPL 2026 से पहले तूफान की तैयारी

आईपीएल 2026 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने भरत अरुण को गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। अरुण युवा गेंदबाजों को निडर और रणनीतिक यूनिट में बदलने के मिशन पर हैं, जिससे लखनऊ की बॉलिंग लाइन-अप को नई धार मिल सकती है।

आईपीएल 2026 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने गेंदबाजी विभाग को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है. टीम ने भारत के पूर्व तेज गेंदबाज और पूर्व राष्ट्रीय गेंदबाजी कोच भरत अरुण को अपना नया बॉलिंग कोच नियुक्त किया है. उनके कार्यकाल में टीम इंडिया के गेंदबाजों ने टेस्ट और सीमित ओवरों में शानदार प्रदर्शन किया था, और अब लखनऊ भी इसी सफलता को दोहराने की उम्मीद कर रहा है.

बॉलिंग यूनिट की धार तेज करने की कवायद
लखनऊ के मेंटॉर जहीर खान, हेड कोच जस्टिन लैंगर और असिस्टेंट कोच लांस क्लूजनर के साथ अब भरत अरुण का जुड़ना टीम की गेंदबाजी को नई धार देगा. बीते सीजन यानी आईपीएल 2025 में लखनऊ की गेंदबाजी प्रदर्शन औसत दर्जे का रहा था, खासकर डेथ ओवरों में. इस कमी को दूर करने के लिए प्रबंधन ने अनुभवी और सिद्धहस्त गेंदबाजी कोच को टीम से जोड़ने का फैसला किया.

भरत अरुण का विज़न
टीम से जुड़ने पर भरत अरुण ने कहा, “लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़ना मेरे लिए सम्मान की बात है. यह फ्रेंचाइजी पेशेवर दृष्टिकोण, महत्वाकांक्षा और दीर्घकालिक सोच के लिए जानी जाती है. टीम मालिक डॉ. संजीव गोयनका और प्रबंधन से बातचीत बेहद प्रेरणादायक रही.” उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मिशन युवा भारतीय तेज गेंदबाजों को निडर, एकजुट और रणनीतिक यूनिट में बदलना है, जो किसी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की बल्लेबाजी को चुनौती दे सके.

युवा गेंदबाजों में संभावनाओं का खज़ाना
लखनऊ के पास युवा और प्रतिभाशाली तेज गेंदबाजों का अच्छा समूह है, जिसमें आकाशदीप, आवेश खान, मयंक यादव, प्रिंस यादव, मोहसिन खान और आकाश सिंह शामिल हैं. भरत अरुण का मानना है कि इन खिलाड़ियों में अपार क्षमता है, जिसे सही प्रशिक्षण और रणनीति से निखारा जा सकता है. उनके अनुभव और कोचिंग स्टाइल से यह गेंदबाजी यूनिट आने वाले सीजन में विपक्षी टीमों के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है.