
T20 टीम में हो सकती है बड़ी वापसी? एशिया कप से पहले गिल, यशस्वी और साई सुदर्शन के नाम पर मंथन तेज
शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन की T20 में संभावित वापसी को लेकर सेलेक्टर्स की बैठक जल्द, वहीं अभिषेक शर्मा की मौजूदगी से बढ़ी टॉप ऑर्डर की टक्कर. 9 सितंबर से UAE में शुरू होगा एशिया कप.
9 सितंबर से एशिया कप का आगाज हो जाएगा. जिसको लेकर भारतीय टीम का ऐलान अगस्त के तीसरे हफ्ते तक किए जाने का अनुमान है. सूत्रों की मानें तो कहा जा रहा है कि इस टूर्नामेंट के साथ ही T20 टीम में शुभमन गिल की वापसी होने के आसार नजर आ रहे हैं. देखा जाए तो लंबे समय से शुभमन भारत की T20 टीम का हिस्सा नहीं रहे है. शुभमन पिछले साल खेले गए T20 वर्ल्ड कप की टीम का भी हिस्सा नहीं थे. गिल ने अपना आखिरी T20 मैच श्रीलंका के खिलाफ खेला था. मगर अब गिल के एशिया कप से टीम में वापसी करने की खबरें सामने आ रही हैं. शुभमन के अलावा इस रेस मे यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन का नाम भी शामिल है.
बात करें यशस्वी जायसवाल की तो वे भी वनडे और T20 कमिटमेंट के चलते T20 टीम से बाहर रहे हैं. मगर सामने आई रिपोर्ट की मानें तो एशिया कप में उनके चुने जाने पर भी विचार किए जाने की संभावना है. 9 सितंबर से 28 सितंबर के बीच UAE में एशिया कप खेला जाना है. इसके फाइनल तक पहुंचने के लिए भारतीय टीम को कुल 6 मुकाबलों खेलने होंगे. आखिरी बार यशस्वी भी गिल की तरह टीम इंडिया की जर्सी में T20 खेलते हुए पिछले साल जुलाई में श्रीलंका के खिलाफ ही देखे गए थे.
एशिया कप की टीम में यशस्वी और गिल के अलावा साई सुदर्शन के भी चुने जाने को लेकर रिपोर्ट आ रही है. आईपीएल के दौरान गिल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर गुजरात टाइटंस की दमदार नींव रखने वाले सुदर्शन ने अब तक केवल एक T20 पिछले साल जुलाई में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला था.
बहरहाल सवाल ये भी है कि अगर गिल और यशस्वी को सेलेक्टर चुन लेते हैं तो फिर साई सुदर्शन को आखिर क्यों चुना जाएगा? ऐसा इस वजह से है क्योंकि ये तीनों दमदार खिलाड़ी T20 में ओपनिंग ही करते हैं. इन तीनों का चुना जाना इसलिए भी मुश्किल नजर आ रहा है क्योंकि अभिषेक शर्मा T20 टीम में पहले से ही मौजूद हैं. इस वक्त अभिषेक शर्मा T20 फॉर्मेट में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बने हुए हैं.
इतना ही नहीं एशिया कप के ठीक बाद यानी कि 2 अक्टूबर से वेस्टइंडीज के बाद घरेलू टेस्ट सीरीज भी खेली जानी है. एशिया कप का फाइनल मैच 28 सितंबर को होना है. अगर भारत फाइनल के लिए क्वालिफाई कर जाता है, तो ऐसे में BCCI क्या फैसला लेता है ये देखने वाली बात होगी.




