
दलीप ट्रॉफी में रजत पाटीदार का धमाका, 80 गेंदों में जड़ा तूफानी शतक
दलीप ट्रॉफी में रजत पाटीदार ने नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ सिर्फ 80 गेंदों में शतक लगाकर धमाका किया। घरेलू क्रिकेट में शानदार फॉर्म में चल रहे पाटीदार दोबारा भारतीय टेस्ट टीम में वापसी की दावेदारी मजबूत कर रहे हैं।
दलीप ट्रॉफी का आगाज धमाकेदार रहा है. बेंगलुरु में खेले जा रहे क्वार्टर फाइनल में सेंट्रल जोन का सामना नॉर्थ ईस्ट जोन से हो रहा है. टीम के नियमित कप्तान ध्रुव जुरेल चोटिल होने के कारण बाहर हो गए, जिसके बाद कमान रजत पाटीदार को सौंपी गई. आईपीएल में उनकी कप्तानी देखने के बाद सभी की निगाहें अब इस टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन पर थीं.
तूफानी अंदाज में शतक
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सेंट्रल जोन की टीम को चौथे नंबर पर पाटीदार का जलवा देखने को मिला. उन्होंने आते ही नॉर्थ ईस्ट जोन के गेंदबाजों पर टूट पड़े और महज 80 गेंदों में सेंचुरी जड़ दी. उनकी पारी में 18 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे. यह पारी एक बार फिर साबित करती है कि पाटीदार लंबे फॉर्मेट में भी आक्रामक बल्लेबाजी से मैच का रुख बदल सकते हैं.
इंटरनेशनल करियर में ठहराव
32 वर्षीय पाटीदार ने 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज से इंटरनेशनल डेब्यू किया था. हालांकि, वह उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए और टीम से बाहर हो गए. इसके बाद उनका करियर ठहराव पर दिखा, लेकिन घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाकर वह चयनकर्ताओं का ध्यान खींचते रहे हैं.
भारतीय टेस्ट टीम का ट्रांजिशन दौर
रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन जैसे दिग्गजों के संन्यास के बाद भारतीय टेस्ट टीम ट्रांजिशन फेज से गुजर रही है. इंग्लैंड दौरे पर नए चेहरों को आजमाया गया और करुण नायर जैसे खिलाड़ी 8 साल बाद वापसी करने में सफल रहे. टॉप ऑर्डर में खाली जगह के कारण चयनकर्ताओं की नजरें अब उन खिलाड़ियों पर हैं, जो डॉमेस्टिक स्तर पर निरंतर अच्छा कर रहे हैं.
पाटीदार के आंकड़े और संभावनाएं
रजत पाटीदार का फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड उनकी काबिलियत को बखूबी दर्शाता है. उन्होंने अब तक 68 प्रथम श्रेणी मुकाबलों में 13 शतक और 24 अर्धशतक की मदद से 4738 रन बनाए हैं. अगर दलीप ट्रॉफी में वह इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखते हैं, तो चयनकर्ताओं के लिए उन्हें दोबारा टेस्ट टीम में जगह देने से इंकार करना मुश्किल होगा.
W88 Sports News




