
US Open के बीच रहस्यमयी चोरी! रोमानियाई स्टार की ट्रॉफी न्यूयॉर्क होटल से गायब
US Open 2025 के दौरान रोमानिया की टेनिस स्टार सोराना क्रिस्टिया की क्लीवलैंड ट्रॉफी न्यूयॉर्क होटल से चोरी हो गई। उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक अपील की और आयोजकों ने ट्रॉफी लौटाने का भरोसा दिलाया।
US Open 2025 के दौरान रोमानिया की अनुभवी टेनिस स्टार सोराना क्रिस्टिया एक बड़े झटके से गुज़रीं. न्यूयॉर्क के मशहूर द फिफ्टी सोनेस्टा होटल में ठहरने के दौरान उनकी कीमती क्लीवलैंड ट्रॉफी उनके कमरे से चोरी हो गई. ये ट्रॉफी उन्होंने हाल ही में टेनिस इन द लैंड टूर्नामेंट में जीती थी.
फाइनल में धमाकेदार जीत से मिली थी ट्रॉफी
सोराना क्रिस्टिया ने इस खिताब को अमेरिका की एन ली को फाइनल में 6-2, 6-4 से हराकर अपने नाम किया था. यह उनके करियर की तीसरी ट्रॉफी थी और उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में एक भी सेट नहीं गंवाया था. 112वीं रैंकिंग पर रहते हुए यह जीत उनके लिए खास उपलब्धि थी, खासकर पिछले साल पैर की सर्जरी से उबरने के बाद.
सोशल मीडिया पर लगाई भावुक अपील
सोराना ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा – “जिसने भी मेरे होटल के रूम 314 से मेरी ट्रॉफी चुराई है, कृपया वापस कर दें. इसका कोई मटेरियल वैल्यू नहीं है, लेकिन मेरे दिल में इसकी बहुत अहमियत है. इसे वापस कर देंगे तो मेरे लिए बड़ी बात होगी.” उनकी इस अपील ने फैंस को भावुक कर दिया है और सोशल मीडिया पर #JusticeForSorana ट्रेंड कर रहा है.
टूर्नामेंट आयोजकों का भी वादा
टेनिस इन द लैंड के आयोजकों ने सोराना को भरोसा दिलाया है कि वे उन्हें बिना ट्रॉफी के घर नहीं जाने देंगे. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा – “हम सोराना को बिना हार्डवेयर के वापस घर जाने नहीं देंगे.” फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही ट्रॉफी बरामद हो और सोराना फिर से अपने चेहरे पर मुस्कान लेकर कोर्ट पर लौटें.
W88 Sports News




