टेनिस

यूएस ओपन 2025 के चैंपियन बने कार्लोस अलकराज, मिली इतनी इनाम राशि !

कार्लोस अलकराज ने यानिक सिनर को हराकर यूएस ओपन 2025 का खिताब जीता और वर्ल्ड नंबर-1 बने। उन्हें बढ़ी हुई इनामी राशि के रूप में 5 मिलियन डॉलर (लगभग 44 करोड़ रुपये) मिले।

स्पेन के युवा टेनिस स्टार कार्लोस अलकराज ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है. न्यूयॉर्क की हार्ड कोर्ट पर खेले गए यूएस ओपन 2025 फाइनल में उन्होंने इटली के यानिक सिनर को मात देकर दूसरी बार अमेरिकी ओपन का खिताब जीता. इस जीत ने न केवल उन्हें ग्रैंड स्लैम चैंपियन बनाया बल्कि टेनिस वर्ल्ड रैंकिंग में नया नंबर-1 भी बना दिया. खास बात ये रही कि इस बार अलकराज को पिछले साल की तुलना में 39 प्रतिशत ज्यादा इनामी राशि दी गई.

फाइनल में दिखाया कार्लोस ने दम
फाइनल में अलकराज ने शानदार अंदाज में खेल दिखाया. उन्होंने पहला सेट 6-2 से अपने नाम किया, हालांकि दूसरा सेट सिनर ने 3-6 से जीतकर वापसी की कोशिश की लेकिन इसके बाद स्पेनिश स्टार ने कोर्ट पर अपना दबदबा बना लिया. तीसरे सेट को 6-1 और चौथे सेट को 6-4 से जीतकर चार सेटों में 6-2, 3-6, 6-1, 6-4 से मुकाबला अपने नाम किया. इस जीत के साथ ही उन्होंने अमेरिकी ओपन की ट्रॉफी अपने हाथों में थामी और टेनिस के नए सम्राट घोषित हुए.

इनामी राशि क्यों बढ़ी?
अब बड़ा सवाल यही कि अलकराज को आखिर कितनी रकम मिली? दरअसल, यूएस ओपन 2025 से पहले आयोजकों ने इनामी राशि में इजाफा किया था. पिछले साल तक विजेता को 3.6 मिलियन डॉलर (करीब 31.7 करोड़ रुपये) मिलते थे लेकिन इस बार इनाम को 39 प्रतिशत बढ़ाकर 5 मिलियन डॉलर (लगभग 44 करोड़ रुपये) कर दिया गया. यही रकम अलकराज को दी गई. वहीं, रनर-अप रहे यानिक सिनर को इसका आधा हिस्सा यानी करीब 22 करोड़ रुपये मिले.

अलकराज की कुल संपत्ति
इस जीत के बाद अलकराज की दौलत और बढ़ गई है. रिपोर्ट्स के अनुसार उनकी कुल नेटवर्थ करीब 356 करोड़ रुपये है. उनकी कमाई का सबसे बड़ा हिस्सा ग्रैंड स्लैम और अन्य टूर्नामेंट्स की प्राइज मनी से आता है. साथ ही, ब्रांड एंडोर्समेंट और विज्ञापन भी उनकी कमाई को मजबूत करते हैं. यूएस ओपन 2025 का खिताब और वर्ल्ड नंबर-1 की कुर्सी हासिल करने के बाद ये साफ है कि कार्लोस अलकराज अब टेनिस के सबसे बड़े सितारों में शुमार हो चुके हैं.

W88 Sports News