क्रिकेट

एशिया कप से पहले भारत के खिलाड़ियों ने बहाया पसीना, ये हो सकती है अब प्लेइंग-11

एशिया कप 2025 से पहले भारत का प्रैक्टिस सेशन जोरदार रहा। अभिषेक शर्मा ने धमाकेदार बैटिंग से ओपनिंग मजबूत की। संभावित प्लेइंग-11 में शुभमन गिल, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव और रिंकू सिंह जैसे स्टार शामिल हो सकते हैं।

एशिया कप 2025 से पहले टीम इंडिया का प्रैक्टिस सेशन जबरदस्त रहा, और उसका सबसे बड़ा सितारा अभिषेक शर्मा रहे. बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज ने नेट्स पर ऐसा शो दिखाया कि हर किसी की आंखें चमक उठीं. उन्होंने न सिर्फ सबसे लंबे, बल्कि सबसे ज्यादा छक्के जड़े. सामने चाहे तेज गेंदबाज हों या स्पिनर, अभिषेक ने हर एक को बाउंड्री पार कराया. उनकी ये कंसिस्टेंसी देखकर फैंस को ये भरोसा मिला कि एशिया कप का खिताब भारत की मुट्ठी में है.

पहला बड़ा टूर्नामेंट, लेकिन दबाव नहीं
बता दें अभिषेक शर्मा के लिए ये पहला मल्टी-नेशन टूर्नामेंट होगा. हालांकि, उनके खेल में जरा भी घबराहट नहीं दिखी. नेट्स पर वो अपने पुराने अंदाज में ही छक्कों की बारिश करते रहे. इससे साफ संकेत मिला कि भारत की ओपनिंग सुरक्षित हाथों में है. उनके जोड़ीदार के तौर पर शुभमन गिल भी पूरे फॉर्म में नजर आए. गिल ने भी नेट्स पर लंबे-लंबे शॉट्स लगाए. ओपनिंग जोड़ी की इस तैयारी के बाद मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज मैदान में उतरे.

मिडिल ऑर्डर और विकेटकीपिंग की तस्वीर
मिडिल ऑर्डर में तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव और रिंकू सिंह ने बारी-बारी से नेट्स पर बल्लेबाजी की और पावर-हिटिंग पर जोर दिया. खासकर रिंकू सिंह ने बल्लेबाजी के बाद फील्डिंग कोच टी. दिलीप के साथ विशेष ड्रिल की. वहीं, विकेटकीपिंग की रेस में जितेश शर्मा सबसे आगे दिखे. उन्हें टीम का पहला विकेटकीपर माना जा रहा है. दूसरी ओर, संजू सैमसन ने बैटिंग कोच सितांशु कोटक के साथ नॉकिंग की और फिर मुख्य नेट्स पर अभ्यास किया, लेकिन ये तय नहीं है कि उन्हें शुरुआती प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी या नहीं.

गेंदबाजों और ऑलराउंडर्स ने भी जमकर पसीना बहाया
ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने पहले गेंदबाजी की और फिर बल्लेबाजी पर ध्यान दिया. तेज गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह ने लंबे स्पेल फेंके, जबकि अर्शदीप सिंह ने शॉर्ट-पिच गेंदों से बल्लेबाजों को परखा. स्पिन विभाग में कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ने भी लंबे-लंबे ओवर फेंककर अपनी तैयारी पूरी की.

संभावित प्लेइंग इलेवन
प्रैक्टिस सेशन से मिले संकेतों के मुताबिक, टीम इंडिया की एशिया कप प्लेइंग इलेवन कुछ ऐसी हो सकती है:
अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती

W88 Sports News