अन्य खेल

गोल्ड पर खतरा मंडराया… सिमरन शर्मा का गाइड डोप टेस्ट में फेल, अब क्या छिन जाएगा पदक?

विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण विजेता सिमरन शर्मा के गाइड उमर सैफी का डोप टेस्ट फेल हो गया है। यदि बी सैंपल में भी वह दोषी पाए गए, तो सिमरन का पदक छिन सकता है।

विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप की स्वर्ण विजेता धाविका सिमरन शर्मा पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं. उनके गाइड उमर सैफी को डोप टेस्ट में फेल पाए जाने के बाद नाडा ने अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है. सैफी पिछले सात महीने से ज्यादा समय से दृष्टिबाधित सिमरन के साथ बतौर गाइड काम कर रहे थे. उनके सैंपल में ड्रोस्टैनोलोन नामक प्रतिबंधित एनाबोलिक स्टेरॉयड पाया गया है जो मांसपेशियों की ताकत बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है.

दिल्ली में हुआ था टेस्ट
सैफी का डोप टेस्ट दिल्ली स्टेट ओपन में हुआ था जहां सिमरन ने सात सितंबर को 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता था. उसी के बाद यह सैंपल जांच के लिए भेजा गया था. शुक्रवार को नाडा ने अपनी नई लिस्ट जारी की जिसमें सैफी का नाम अस्थायी रूप से निलंबित खिलाड़ियों में शामिल किया गया. अब वह इसके खिलाफ अपील कर सकते हैं और बी सैंपल टेस्ट की मांग भी कर सकते हैं.

अब पदक पर संकट
अगर बी सैंपल में भी सैफी फेल होते हैं तो सिमरन शर्मा को अपने पदक गंवाने पड़ सकते हैं. नियम के अनुसार गाइड भी एथलीट का हिस्सा माना जाता है और उसे भी पदक और सर्टिफिकेट मिलता है. ऐसे में गाइड के डोप में फेल होने पर एथलीट का पदक भी छिन सकता है.

फेडरेशन की प्रतिक्रिया
भारतीय पैरा एथलेटिक्स के चेयरमैन सत्यनारायण ने कहा कि सिमरन को अपने दोनों पदक खोने पड़ सकते हैं क्योंकि गाइड एथलीट का हिस्सा होता है. उन्होंने बताया कि नियम बहुत साफ है, अगर गाइड दोषी पाया जाता है तो पदक वापस लेने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है.

पिछले साल जीता था ब्रॉन्ज
सिमरन ने पिछले साल पेरिस पैरालंपिक में कांस्य पदक जीता था. तब उनके गाइड अभय सिंह थे. इस बार उन्होंने भारत में हुई विश्व चैंपियनशिप में 100 मीटर टी12 में गोल्ड और 200 मीटर में सिल्वर अपने नाम किया था.

नाडा की नई लिस्ट में कई नाम
नाडा की अपडेट की गई सूची में कुल 30 नए खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं जिनमें पहलवान रीतिका हुड्डा और धावक एस धनलक्ष्मी भी हैं. सबसे चिंता की बात ये है कि इस लिस्ट में पांच नाबालिग खिलाड़ियों के नाम भी मौजूद हैं जिससे डोपिंग को लेकर खेल जगत में गंभीर सवाल उठ रहे हैं.

W88 Sports News