
विश्व चैंपियन ब्लाइंड महिला टीम की अनदेखी. ऐतिहासिक जीत के बावजूद मैच फीस मात्र 3 हजार रुपये, BCCI से नहीं मिली मान्यता
पहला टी20 ब्लाइंड महिला वर्ल्ड कप जीतने के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों को सिर्फ 3 हजार रुपये मैच फीस मिलती है। बीसीसीआई की मान्यता न होने से सुविधाएं सीमित हैं, जबकि अन्य देशों में ब्लाइंड क्रिकेट को आधिकारिक दर्जा मिल चुका है।
कोलंबो से जब भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने पहला टी20 वर्ल्ड कप जीतकर ट्रॉफी उठाई, तो पूरा देश गर्व से भर उठा. इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत इकलौती ऐसी टीम बनी जिसने एक भी मैच नहीं हारा, ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान जैसी टीमों को भी धूल चटाई. लेकिन बहुत कम लोगों को यह जानकारी है कि इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे खड़ी इन खिलाड़ियों को एक मैच खेलने के बदले कितने कम रुपये मिलते हैं.
दुनिया के सबसे अमीर बोर्ड से मान्यता का अभाव
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि भारतीय ब्लाइंड क्रिकेट टीम को अभी तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से आधिकारिक मान्यता भी नहीं मिली है. यानी इन खिलाड़ियों को मैच फीस दुनिया के सबसे अमीर बोर्ड से नहीं, बल्कि एक निजी ट्रस्ट और कुछ प्रायोजकों की मदद से मिलती है. जहाँ बीसीसीआई अपने प्रमुख खिलाड़ियों को एक टेस्ट मैच के लिए 15 लाख रुपये और टी20 के लिए 3 लाख रुपये देता है, वहीं ब्लाइंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों को मैच फीस के तौर पर मात्र 3 हजार रुपये मिलते हैं. यह हाल सिर्फ महिला टीम का नहीं, बल्कि पुरुष टीम का भी है.
जुनून के दम पर चलती है भारतीय ब्लाइंड क्रिकेट टीम
बीसीसीआई से मान्यता न मिलने का सीधा नतीजा यह है कि ये खिलाड़ी अपने जज्बे और जुनून के दम पर मैदान में उतरती हैं, जबकि उनका सारा खर्च क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया और कुछ दयालु प्रायोजक उठाते हैं. विदेशी टूर्नामेंट, किट, प्रशिक्षण शिविर सब कुछ दान और मदद पर ही निर्भर करता है. वर्ल्ड कप जीतने वाली हर खिलाड़ी को चिंटल्स ग्रुप की ओर से केवल 1.1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिली है.
सम्मान और समानता का सवाल: अब मान्यता जरूरी
दूसरी ओर, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अपने ब्लाइंड क्रिकेटरों को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट देता है. ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, श्रीलंका और अन्य देशों ने भी ब्लाइंड क्रिकेट को मान्यता दे रखी है. सवाल केवल पैसे का नहीं है, यह देश के लिए सम्मान और समानता का सवाल है. ये खिलाड़ी अंधेरे में खेलकर देश को रोशनी दिखाते हैं. अब उम्मीद है कि इस ऐतिहासिक जीत के बाद उन्हें वह सम्मान और रोशनी मिलेगी, जिसके वे हकदार हैं.
W88 Sports News




