क्रिकेट

इंडियन क्रिकेट से निकला फिक्सिंग का ‘जिन्न’, 4 खिलाड़ियों पर गिरी गाज, रियान पराग से है कनेक्शन, पढ़ें

असम क्रिकेट में मैच फिक्सिंग का बड़ा खुलासा हुआ है। ACA ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 से जुड़े मामले में चार खिलाड़ियों को सस्पेंड किया। BCCI और पुलिस जांच शुरू हो चुकी है।

इंडियन क्रिकेट एक बार फिर विवादों में आ गया है। इस बार मामला अंतरराष्ट्रीय नहीं, बल्कि घरेलू क्रिकेट से जुड़ा है। असम क्रिकेट एसोसिएशन ने मैच फिक्सिंग से जुड़े एक गंभीर मामले का खुलासा किया है। शुक्रवार को ACA के सचिव सनातन दास ने बताया कि भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर चार खिलाड़ियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। इन खिलाड़ियों के नाम अमित सिन्हा, ईशान अहमद, अमन त्रिपाठी और अभिषेक ठाकुरी हैं। यह मामला सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है, जिसने क्रिकेट जगत को झकझोर कर रख दिया है।

असम के खिलाड़ियों को प्रभावित करने की कोशिस
ACA सचिव सनातन दास के अनुसार, ये चारों खिलाड़ी अलग-अलग स्तर पर असम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। आरोप है कि इन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के दौरान असम टीम के कुछ खिलाड़ियों को प्रभावित करने और उकसाने की कोशिश की। जैसे ही यह जानकारी सामने आई, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की एंटी करप्शन यूनिट ने मामले की जांच शुरू कर दी। साथ ही असम क्रिकेट एसोसिएशन ने भी इस मामले को गंभीर मानते हुए आंतरिक और कानूनी कार्रवाई का फैसला लिया।

चारों खिलाड़ियों के खिलाफ एफआईआर
ACA ने इस मामले में आगे बढ़ते हुए गुवाहाटी की क्राइम ब्रांच में चारों खिलाड़ियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवा दी है। इससे साफ है कि एसोसिएशन इस पूरे मामले को हल्के में लेने के मूड में नहीं है। वहीं बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने भी कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्रिकेट में भ्रष्टाचार और मैच फिक्सिंग जैसी गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

रियान पराग जैसे स्टार खिलाड़ी शामिल
गौर करने वाली बात यह है कि असम की टीम सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एलीट ग्रुप ए में खेल रही थी, जिसमें रियान पराग जैसे स्टार खिलाड़ी भी शामिल थे। टीम ने सात मैचों में सिर्फ तीन जीत हासिल की और ग्रुप में सातवें स्थान पर रही। हालांकि, जिन चार खिलाड़ियों पर फिक्सिंग के आरोप लगे हैं, वे इस टूर्नामेंट में असम के आधिकारिक स्क्वाड का हिस्सा नहीं थे। इसके बावजूद यह मामला घरेलू क्रिकेट की छवि पर सवाल खड़े करता है और आने वाले दिनों में जांच के नतीजों पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी।

W88 Sports News