
U19 एशिया कप में भारत ने दिखाई ‘दबंगई’, पाकिस्तान को फिर से रौंदा, ये तीन खिलाड़ी रहे जीत के ‘हीरो’
अंडर-19 एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को 90 रनों से हराया। एरॉन जॉर्ज की 85 रन की पारी, कनिष्क चौहान के अहम योगदान और दीपेश देवेंद्रन की घातक गेंदबाजी से भारत ने एकतरफा जीत दर्ज की।
दुबई में खेले गए अंडर-19 एशिया कप के पांचवें मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान पर 90 रनों से बड़ी जीत दर्ज की. शुरुआत भारत के पक्ष में बिल्कुल नहीं थी. ओपनर वैभव सूर्यवंशी महज 5 रन बनाकर आउट हो गए और चौथे ओवर में ही टीम ने अहम विकेट गंवा दिया. कप्तान आयुष म्हात्रे ने आते ही तेज बल्लेबाजी की और 38 रन बनाकर टीम को शुरुआती झटकों से उबारा. लेकिन असली कमाल दिखाया एरॉन जॉर्ज ने, जिन्होंने विकेट गिरते रहने के बावजूद क्रीज पर टिककर दमदार 85 रन ठोक दिए. विहान मल्होत्रा और वेदांत तिवारी के जल्दी आउट होने के बाद कनिष्क चौहान ने 46 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलते हुए भारत का स्कोर 240 तक पहुंचा दिया.
एरॉन जॉर्ज-कनिष्क की शानदार पारी
एरॉन जॉर्ज मैच के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज साबित हुए. उन्होंने स्ट्राइक रोटेशन और आक्रामक शॉट्स का बेहतरीन मिश्रण पेश किया. वहीं कनिष्क चौहान ने आते ही खेल की दिशा बदल दी. उनकी 46 गेंद में 46 रन की पारी भारत के स्कोर को मजबूती देने वाली रही. एरॉन के शतक से चूकने और कनिष्क के अर्धशतक से पहले आउट होने के बावजूद दोनों की यह साझेदारी पाकिस्तान पर दबाव बनाने के लिए काफी थी. पाकिस्तान की तरफ से मोहम्मद सैय्याम और अब्दुल सुभान ने 3-3 विकेट जरूर लिए, लेकिन भारत की स्कोरबिल्डिंग पर उनका प्रभाव कम ही रहा.
दीपेश देवेंद्रन का घातक हमला
240 रनों का लक्ष्य भले बड़ा था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत ऐसी दी कि पाकिस्तान की टीम मानसिक रूप से टूट गई. तेज गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन ने तीन बड़े विकेट लेकर पाकिस्तान को झकझोर दिया. उन्होंने पहले पिछले मैच के शतकवीर समीर मन्हास को सिर्फ 9 रन पर चलता किया, फिर अली हसन बलोच और अहमद हुसैन को आउट कर पाकिस्तान की रीढ़ ही तोड़ दी. इसके बाद कनिष्क चौहान ने भी मोर्चा संभाला और उस्मान खान व हुजैफा एहसान जैसे अहम विकेट चटका कर पाकिस्तान की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया.
41.2 ओवर में ढेर पाकिस्तान
मिडिल ओवर्स में पाकिस्तान के कप्तान फरहान यूसुफ और हुजैफा एहसान ने थोड़ी लड़ाई जरूर दिखाई, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने फरहान को आउट कर यह साझेदारी तोड़ दी. इसके बाद कनिष्क चौहान ने हुजैफा को 70 रन पर पवेलियन भेजकर मैच पर पूरी पकड़ बना ली. नतीजा यह रहा कि पाकिस्तान की पूरी टीम 41.2 ओवर में सिर्फ 150 रन पर सिमट गई. भारत की गेंदबाजी, बल्लेबाजी और रणनीति तीनों में पाकिस्तान से बेहतर रही और जीत पूरी तरह एकतरफा रही. इस जीत ने भारत को न सिर्फ पॉइंट टेबल पर मजबूत किया बल्कि टाइटल की दावेदारी भी और पक्की कर दी.
W88 Sports News




