
गांव की गलियों से IPL तक छलांग, अमित कुमार ने कर दिखाया कमाल, काव्या मारन ने रखा सिर पर हाथ !
बिहार के रोहतास जिले के गांव हमीरपुर के युवा लेफ्ट आर्म लेग स्पिनर अमित कुमार को सनराइजर्स हैदराबाद ने 30 लाख रुपये में खरीदा। किसान परिवार से निकले अमित की IPL तक पहुंच पूरे गांव और जिले के लिए गर्व का विषय बनी।
बिहार के रोहतास जिले के करगहर प्रखंड से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ा दी है। अररूआ पंचायत के हमीरपुर गांव के युवा क्रिकेटर अमित कुमार का चयन आईपीएल में हो गया है। आईपीएल ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा। जैसे ही यह खबर गांव पहुंची, लोग खुशी से झूम उठे। मिठाइयां बांटी गईं और हर कोई अमित की मेहनत की मिसाल देने लगा। एक छोटे से गांव का नाम अब देश के सबसे बड़े क्रिकेट मंच से जुड़ गया है।
किसान परिवार से शुरू हुआ सफर
अमित कुमार का जन्म साल 2002 में एक साधारण किसान परिवार में हुआ। उनके पिता जनार्दन चंद्रवंशी और माता प्रभा देवी ने सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों की परवरिश में कोई कमी नहीं आने दी। चार भाइयों और दो बहनों के इस परिवार में अमित तीसरे नंबर पर हैं। बचपन से ही उन्हें क्रिकेट से खास लगाव था। गांव के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाई के साथ वह खाली समय में दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलते नजर आते थे। उसी खेल ने आगे चलकर उनकी जिंदगी की दिशा तय कर दी।
रांची और एकेडमी ने बदली तकदीर
बेहतर पढ़ाई और भविष्य के लिए पिता ने अमित को रांची भेजा, जहां वह अपनी बुआ के घर रहकर 10वीं तक पढ़े। रांची में रहते हुए उनका क्रिकेट के प्रति जुनून और मजबूत होता गया। बेटे की लगन को देखते हुए पिता ने साईं धुर्वा क्रिकेट एकेडमी में उनका दाखिला कराया। यहां कोच मुक्तेश सिंह के मार्गदर्शन में अमित ने अपने खेल को निखारा। उन्होंने खुद को एक प्रभावशाली बाएं हाथ के लेग स्पिन गेंदबाज के रूप में तैयार किया और अनुशासन के साथ अभ्यास जारी रखा।
मेहनत रंग लाई, पूरे इलाके में खुशी
साल 2017 से अमित ने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलना शुरू किया और अंडर-14, अंडर-15 व अंडर-19 स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन किया। आईपीएल चयन की खबर पर उनके पिता ने इसे बुजुर्गों का आशीर्वाद बताया, वहीं भाई रवि कुमार ने इसे पूरे परिवार के लिए गर्व का पल कहा। दोस्त नीतीश गुप्ता ने बताया कि वह खुद ऑक्शन देख रहे थे और चयन होते ही घर में खुशी की खबर दी। अमित कुमार की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि गांव की मिट्टी में भी बड़ी प्रतिभा छिपी होती है। आज हमीरपुर गांव का यह बेटा आईपीएल के मंच पर उतरने को तैयार है और पूरा रोहतास जिला खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
W88 Sports News




