क्रिकेट

भारत कनेक्शन वाला ऑस्ट्रेलिया खिलाड़ी कौन, जो कहलाने लगा अगला ट्रेविस हेड, पढ़ें एक क्लिक में

भारत में जन्मे जेरसिस वाडिया ने बिग बैश लीग में धमाकेदार डेब्यू कर सुर्खियां बटोरीं। आक्रामक बल्लेबाजी और बेखौफ अंदाज के चलते उन्हें ऑस्ट्रेलिया का अगला ट्रेविस हेड कहा जाने लगा है।

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में ट्रेविस हेड का नाम भारतीय फैंस अच्छे से जानते हैं लेकिन अब एक नया नाम तेजी से चर्चा में है जेरसिस वाडिया। बिग बैश लीग में एडिलेड स्ट्राइकर्स के लिए डेब्यू करते ही वाडिया ने बता दिया कि वे सिर्फ टीम का हिस्सा बनने नहीं आए हैं बल्कि अपनी पहचान बनाने उतरे हैं। 27 दिसंबर को ब्रिसबेन हीट्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में नंबर सात पर उतरे वाडिया ने महज 22 मिनट में मैच का रुख बदल दिया। 16 गेंदों में 34 रन बनाकर उन्होंने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

22 मिनट की पारी ने मचाया शोर
जेरसिस वाडिया की यह पारी भले ही छोटी रही हो लेकिन असर बहुत बड़ा था। 212.50 की स्ट्राइक रेट से खेली गई इस इनिंग में तीन छक्के और एक चौका शामिल रहा। मैदान पर उनका आत्मविश्वास और गेंदबाजों पर हमला करने का अंदाज देखकर दर्शकों को ट्रेविस हेड की याद आ गई। यही वजह रही कि सोशल मीडिया और क्रिकेट एक्सपर्ट्स ने उन्हें ऑस्ट्रेलिया का अगला ट्रेविस हेड कहना शुरू कर दिया। यह तुलना सिर्फ शॉट्स की वजह से नहीं बल्कि उनके बेखौफ माइंडसेट की वजह से भी हो रही है।

ट्रेविस हेड से खास रिश्ता
जेरसिस वाडिया और ट्रेविस हेड का कनेक्शन सिर्फ खेलने के अंदाज तक सीमित नहीं है। दोनों साउथ ऑस्ट्रेलिया के मशहूर क्लब टी ट्री गली से जुड़े रहे हैं। वाडिया खुद मानते हैं कि उन्होंने क्लब क्रिकेट में ट्रेविस हेड के सामने गेंदबाजी की है और उन्हें करीब से खेलते देखा है। वाडिया का कहना है कि हेड जिस भरोसे के साथ खुद को बैक करते हैं वही चीज उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित करती है। बाएं हाथ के बल्लेबाज वाडिया भी उसी सोच और अप्रोच के साथ क्रिकेट खेलना चाहते हैं।

भारत से ऑस्ट्रेलिया तक का सफर
जेरसिस वाडिया का जन्म भारत के वडोदरा में हुआ था। उन्होंने अंडर 12 और अंडर 16 स्तर पर वडोदरा से क्रिकेट खेला। इसके बाद उनका परिवार ऑस्ट्रेलिया चला गया जहां उन्होंने अंडर 19 क्रिकेट खेलकर खुद को साबित किया। कोरोना महामारी के दौरान वे भारत लौटे लेकिन हालात सामान्य होते ही फिर ऑस्ट्रेलिया जाकर अपने सपनों को नई उड़ान दी। आज वे ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का उभरता सितारा हैं जबकि उनके माता पिता अब भी भारत में रहते हैं। BBL में उनकी शुरुआत ने साफ कर दिया है कि आने वाले समय में यह नाम और तेज गूंजने वाला है।

W88 Sports News