
विजय हजारे ट्रॉफी में देवदत्त पडिक्कल का तूफान, मुंबई के खिलाफ पारी ने रच दिया इतिहास
विजय हजारे ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल में देवदत्त पडिक्कल ने मुंबई के खिलाफ नाबाद 81 रन ठोककर कर्नाटक को जीत दिलाई। इस पारी के साथ वह दो अलग-अलग सीजन में 700+ रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने।
विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में कर्नाटक के स्टार बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल का बल्ला लगातार आग उगल रहा है। क्वार्टर फाइनल में मुंबई के खिलाफ उन्होंने एक बार फिर मैच विनिंग पारी खेली और टीम को बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में वीजेडी मेथड के तहत कर्नाटक को 55 रन से विजेता घोषित किया गया। देवदत्त ने 11 चौकों की मदद से नाबाद 81 रन बनाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दो सीजन में 700 से ज्यादा रन का कारनामा
इस शानदार पारी के साथ देवदत्त पडिक्कल ने विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास में बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। 25 साल के इस बल्लेबाज ने मौजूदा सीजन में 8 मैचों में 721 रन बना दिए हैं। खास बात यह है कि वह टूर्नामेंट के दो अलग-अलग सीजन में 700 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इस सीजन में उनके बल्ले से 4 शतक और 2 अर्धशतक निकल चुके हैं, जो उनकी निरंतरता और शानदार फॉर्म को दिखाता है।
पिछले दिग्गजों से आगे निकले देवदत्त
विजय हजारे ट्रॉफी में इससे पहले मयंक अग्रवाल, पृथ्वी शॉ, एन जगदीशन और करुण नायर जैसे बल्लेबाज एक सीजन में 700 से ज्यादा रन बना चुके हैं। लेकिन देवदत्त पडिक्कल ने दो अलग-अलग सीजन में यह आंकड़ा पार कर खुद को सबसे अलग साबित कर दिया है। यह रिकॉर्ड न सिर्फ उनकी तकनीक बल्कि बड़े मैचों में जिम्मेदारी लेने की क्षमता को भी दर्शाता है।
मैच का पूरा हाल
मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 254 रन बनाए, जिसमें शम्स मुलानी ने 86 रन की पारी खेली। कर्नाटक की ओर से विद्दयधर पाटिल ने 3 विकेट झटके। जवाब में कर्नाटक ने 33 ओवर में 1 विकेट पर 187 रन बना लिए थे। बारिश के बाद वीजेडी मेथड लागू हुआ और कर्नाटक को 55 रन से विजेता घोषित कर दिया गया। देवदत्त के साथ करुण नायर 74 रन बनाकर नाबाद रहे।
W88 Sports News




