
टी20 विश्व कप से पहले बड़ा फैसला, आईसीसी ने साफ कर दिया रुख, बांग्लादेश की मांग क्यों हुई खारिज
International Cricket Council ने साफ कर दिया है कि टी20 विश्व कप 2026 के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा। सुरक्षा को लेकर बांग्लादेश की आशंकाओं को गलतफहमी बताते हुए उसकी वेन्यू बदलने की मांग खारिज कर दी गई।
टी20 विश्व कप 2026 को लेकर चल रहे विवाद के बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को बड़ा झटका लगा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने साफ शब्दों में कह दिया है कि टूर्नामेंट का कार्यक्रम पूरी तरह तय हो चुका है और इसमें किसी तरह के बदलाव की कोई गुंजाइश नहीं है। आईसीसी के मुताबिक सभी भाग लेने वाली टीमों को टर्म्स ऑफ पार्टिसिपेशन के तहत अपनी जिम्मेदारियों का पालन करना होगा। इसका मतलब साफ है कि बांग्लादेश को भी तय कार्यक्रम के अनुसार ही अपने मुकाबले खेलने होंगे। इस बयान के बाद यह लगभग तय हो गया है कि मैचों के वेन्यू को लेकर उठ रहा विवाद अब ज्यादा आगे नहीं बढ़ेगा।
सुरक्षा को लेकर फैली गलतफहमी
आईसीसी ने यह भी साफ किया है कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में सुरक्षा आकलन और वैकल्पिक योजनाओं को गलत तरीके से पेश किया गया। परिषद के सूत्रों के अनुसार, भारत में होने वाले टी20 विश्व कप को लेकर स्वतंत्र सुरक्षा एजेंसियों ने जो जोखिम आकलन किया है, वह लो से मॉडरेट श्रेणी में आता है। इसे किसी भी बड़े वैश्विक खेल आयोजन के लिए सामान्य माना जाता है। आकलन में यह बात साफ सामने आई है कि बांग्लादेश की टीम, उसके अधिकारियों या कोलकाता और मुंबई के मैच स्थलों के लिए किसी तरह का कोई विशेष खतरा नहीं है। आईसीसी का मानना है कि सुरक्षा को लेकर फैलाया गया डर वास्तविक तथ्यों पर आधारित नहीं है।
कार्यक्रम में बदलाव से इनकार
आईसीसी ने दो टूक शब्दों में कहा है कि टूर्नामेंट के कार्यक्रम में बदलाव का सवाल ही नहीं उठता। परिषद के अनुसार, मैच शेड्यूल को अंतिम रूप देकर पहले ही प्रकाशित किया जा चुका है। आईसीसी सभी भागीदार टीमों से यह उम्मीद करती है कि वे तय दायित्वों को पूरा करें। हालांकि, साथ ही यह भी कहा गया है कि आईसीसी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड समेत सभी हितधारकों के साथ संवाद बनाए रखेगी। सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए रचनात्मक सुझावों पर विचार किया जाएगा, लेकिन वेन्यू या कार्यक्रम बदलने जैसी कोई बात नहीं है।
विवाद की जड़ क्या है
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब बांग्लादेश ने फरवरी में शुरू होने वाले टी20 विश्व कप के लिए भारत आने को लेकर असहजता जताई। बीसीबी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने मुकाबले सह मेजबान श्रीलंका में कराने का अनुरोध किया था। यह मांग उस समय सामने आई जब बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल फ्रेंचाइजी से रिलीज किया गया। इसके बाद बांग्लादेश में माहौल गर्म हुआ और बीसीबी ने आईसीसी से वेन्यू बदलने की अपील कर दी। लेकिन आईसीसी ने साफ कर दिया है कि भारत में सुरक्षा को लेकर कोई खतरा नहीं है और टूर्नामेंट तय योजना के अनुसार ही खेला जाएगा।
W88 Sports News




