क्रिकेट

घर संजू का, पहरा सूर्या का! तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर दिखी कप्तान की बॉडीगार्ड एंट्री, वीडियो ने जीता फैंस का दिल

तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर संजू सैमसन के लिए जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। भीड़ के बीच कप्तान सूर्यकुमार यादव बॉडीगार्ड बनकर आगे आए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैंस का दिल जीत लिया।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला तिरुवनंतपुरम में खेला जाना है। इस मैच से पहले टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी केरल पहुंच चुके हैं। यह शहर विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन का होम ग्राउंड है और वह यहीं के लोकल बॉय माने जाते हैं। जैसे ही टीम इंडिया तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पहुंची, वहां माहौल अलग ही नजर आया। खासकर संजू सैमसन के लिए फैंस का उत्साह देखते ही बन रहा था। हर तरफ कैमरे, मोबाइल और संजू के नाम के नारे सुनाई दे रहे थे।

सूर्या बने संजू के बॉडीगार्ड

इस पूरे सीन का सबसे खास पल तब आया, जब टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने संजू सैमसन के लिए खुद मोर्चा संभाल लिया। भारतीय क्रिकेट बोर्ड द्वारा शेयर किए गए वीडियो में साफ दिख रहा है कि जैसे ही संजू आगे बढ़ते हैं, सूर्या तुरंत उनके सामने आ जाते हैं। वह बिल्कुल बॉडीगार्ड की तरह भीड़ को हटाते दिखते हैं। फैंस से रास्ता बनाने की अपील करते हैं और कई लोगों को फोटो खिंचाने से भी रोकते नजर आते हैं। यह सब देखकर साफ लग रहा था कि सूर्या को केरल में संजू की लोकप्रियता का पूरा अंदाजा था।

संजू के चेहरे पर दिखी सुकून भरी मुस्कान

इस पूरे वाकये के दौरान संजू सैमसन बिल्कुल शांत और मुस्कुराते हुए नजर आए। सूर्या की इस खास खातिरदारी पर उनके चेहरे पर वही जानी-पहचानी सादगी वाली मुस्कान थी। वीडियो में दोनों खिलाड़ियों के बीच हल्की मस्ती भी देखने को मिली। कप्तान और खिलाड़ी के बीच यह बॉन्ड फैंस को खूब पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं कि यही टीम इंडिया की असली ताकत है, जहां कप्तान अपने साथी खिलाड़ी का सम्मान करता है।

तिरुवनंतपुरम को लेकर संजू की खास बात

वीडियो में सूर्यकुमार यादव और संजू सैमसन के बीच तिरुवनंतपुरम को लेकर बातचीत भी सुनाई देती है। संजू बताते हैं कि उन्हें अपने होम टाउन आकर हमेशा अच्छा लगता है, लेकिन इस बार अनुभव और भी खास है। वजह साफ है, क्योंकि इस बार वह टीम इंडिया के साथ यहां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने पहुंचे हैं। ग्रीनफील्ड स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला संजू के लिए भावनात्मक भी है और अहम भी। अब फैंस की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या होम ग्राउंड पर संजू बल्ले से भी वही चमक दिखा पाएंगे, जैसी झलक एयरपोर्ट पर दिखी।

W88 Sports News