क्रिकेट

भारत-पाक मैच रद्द तो 200 करोड़ का झटका, ICC पर भारी पड़ेगा या जुर्माने की मार झेलेगा पीसीबी, जानिए

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाक मैच रद्द होने से करीब 200 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका है। ICC पर आर्थिक दबाव बढ़ेगा, जबकि नियमों के उल्लंघन पर PCB पर जुर्माना और सख्त कार्रवाई की तलवार लटक रही है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला सबसे बड़ा मुकाबला अब नहीं खेला जाएगा। टूर्नामेंट शुरू होने से 6 दिन पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ऐलान किया कि वह भारत के खिलाफ मैच में अपनी टीम नहीं उतारेगा। पीसीबी ने इसके पीछे पाकिस्तानी सरकार के आदेश का हवाला दिया है। इस फैसले के बाद क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है। वहीं इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने बयान जारी कर चेतावनी दी है कि अगर फैसला नहीं बदला गया, तो इसके गंभीर नतीजे हो सकते हैं।

भारत-पाक मैच क्यों है कमाई की जान

पिछले कई सालों से हर आईसीसी टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा नजरें भारत-पाकिस्तान मैच पर रहती हैं। आमतौर पर ये दोनों टीमें सिर्फ वर्ल्ड कप या चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े इवेंट में ही आमने-सामने आती हैं। यही वजह है कि इस मुकाबले को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह रहता है। इसी मैच के दम पर आईसीसी को ब्रॉडकास्टर्स से सबसे ज्यादा फीस मिलती है। भारत-पाक मैच तय होते ही टूर्नामेंट की कमर्शियल वैल्यू कई गुना बढ़ जाती है और यही आईसीसी की सबसे बड़ी कमाई का जरिया बनता है।

200 करोड़ तक का सीधा नुकसान कैसे होगा

अगर भारत-पाक मैच नहीं होता है, तो इसका सीधा असर टूर्नामेंट के सबसे बड़े ब्रॉडकास्टर जियो‑हॉटस्टार पर पड़ेगा। कमाई घटने का बोझ आखिरकार आईसीसी को ही झेलना होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, किसी भी आईसीसी इवेंट में भारत के मैच से करीब 100 करोड़ की कमाई होती है, जबकि भारत-पाक टी20 मुकाबले में यह रकम लगभग दोगुनी हो जाती है। इस मैच के दौरान हर 10 सेकेंड के विज्ञापन की कीमत 25 से 40 लाख रुपये तक होती है। ऐसे में मैच रद्द होने से आईसीसी को करीब 200 करोड़ रुपये तक का नुकसान हो सकता है।

नुकसान की भरपाई और PCB पर कार्रवाई की आशंका

अगर आईसीसी को इतना बड़ा नुकसान होता है, तो इसका असर रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल पर पड़ेगा। इसमें बीसीसीआई, पीसीबी और दूसरे क्रिकेट बोर्ड की कमाई भी घटेगी। बीसीसीआई के लिए यह झटका शायद उतना बड़ा न हो, लेकिन पीसीबी और छोटे बोर्ड के लिए यह भारी नुकसान साबित हो सकता है। आईसीसी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि मैच रद्द होने की स्थिति में ब्रॉडकास्टर को हुए नुकसान की भरपाई पीसीबी से कराई जा सकती है। यानी भारत-पाक मैच न खेलने का फैसला सिर्फ आईसीसी ही नहीं, बल्कि खुद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के लिए भी बेहद महंगा पड़ सकता है।

W88 Sports News