
खाली स्टेडियम में होगी PSL, संकट के बीच बदला पूरा प्लान, क्या फीका पड़ जाएगा टूर्नामेंट का रोमांच ?
पीएसएल 2026 बिना दर्शकों के आयोजित होगा और मुकाबले सिर्फ दो शहरों में खेले जाएंगे। सुरक्षा और संसाधनों के चलते लिया गया यह फैसला टूर्नामेंट के रोमांच पर असर डाल सकता है, जबकि फ्रेंचाइजी को आर्थिक नुकसान भी होगा।
पाकिस्तान सुपर लीग 2026 इस बार पूरी तरह अलग अंदाज में होने जा रही है। पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और तेल आपूर्ति पर पड़े असर के कारण पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा फैसला लिया है। पूरे टूर्नामेंट को बिना दर्शकों के आयोजित किया जाएगा। यानी इस बार स्टेडियम खाली रहेंगे और फैंस मैदान में मैच नहीं देख पाएंगे। इसके अलावा लीग को सीमित कर सिर्फ दो शहरों में आयोजित किया जाएगा, जिससे यात्रा और संसाधनों पर दबाव कम किया जा सके।
अब सिर्फ दो शहरों में मुकाबले
पहले जहां इस लीग के मुकाबले छह शहरों में होने थे, अब उन्हें घटाकर सिर्फ लाहौर और कराची तक सीमित कर दिया गया है। इससे आयोजन को सरल बनाने की कोशिश की गई है। साथ ही ओपनिंग सेरेमनी को भी रद्द कर दिया गया है। पहले से खरीदे गए टिकटों का पैसा वापस किया जाएगा। सरकार ने भी लोगों से यात्रा कम करने की अपील की है, स्कूल बंद हैं और कई जगह काम घर से करने का निर्देश दिया गया है। ऐसे हालात में भीड़ से बचना ही सबसे सुरक्षित विकल्प माना गया है।
फ्रेंचाइजी को होगा नुकसान, बोर्ड देगा सहारा
दर्शकों के बिना मैच होने से सबसे बड़ा नुकसान फ्रेंचाइजी टीमों को होगा, क्योंकि टिकट और स्टेडियम से जुड़ी कमाई पूरी तरह खत्म हो जाएगी। इसे देखते हुए बोर्ड ने सभी टीमों को मुआवजा देने का फैसला किया है। साथ ही जिन शहरों को इस बार मैच नहीं मिल पाए, उन्हें अगले सीजन में ज्यादा मौके देने का भरोसा दिया गया है। खासतौर पर पेशावर जैसे शहरों को इस फैसले से निराशा हुई है, लेकिन बोर्ड ने भविष्य में संतुलन बनाने की बात कही है।
खिलाड़ियों पर सख्त रुख, बढ़ा विवाद
इस बीच एक और विवाद सामने आया है, जिसमें कई विदेशी खिलाड़ियों ने पीएसएल छोड़कर दूसरी लीग में खेलने का फैसला किया है। इस पर बोर्ड ने सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि ऐसे खिलाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पहले भी ऐसे मामलों में खिलाड़ियों पर बैन लगाया जा चुका है। बोर्ड का कहना है कि नियम सभी के लिए समान हैं और उनका पालन जरूरी है। अब देखना होगा कि इन फैसलों के बीच यह टूर्नामेंट कितना सफल हो पाता है और क्या बिना दर्शकों के भी वही रोमांच बरकरार रह पाएगा या नहीं।
W88 Sports News




