क्रिकेट

बिहार के दो लाल, क्रिकेट में धमाल: वैभव के बाद अब 13 साल के अयान की तूफानी पारी ने बटोरा ध्यान

बिहार की धरती से एक और होनहार क्रिकेटर ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है. मुजफ्फरपुर के 13 वर्षीय अयान राज ने जिला क्रिकेट लीग के एक मुकाबले में नाबाद 327 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर सभी को चौंका दिया है. संस्कृति क्रिकेट एकेडमी की ओर से खेलते हुए अयान ने यह पारी 134 गेंदों में खेली, जिसमें उन्होंने 41 चौके और 22 छक्के जड़े.

327 रन की पारी, स्ट्राइक रेट 244
अयान राज की यह इनिंग्स सिर्फ आंकड़ों में बड़ी नहीं थी, बल्कि उन्होंने जिस अंदाज में रन बनाए, वो बेहद आक्रामक था. 244 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए अयान ने 296 रन सिर्फ बाउंड्री से बटोरे. इस पारी ने उनके नाम को बिहार ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला दिया है.

प्रेरणास्त्रोत बने वैभव सूर्यवंशी
अयान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने करीबी दोस्त और आईपीएल स्टार वैभव सूर्यवंशी को दिया. उन्होंने कहा, “वैभव भाई मेरे आदर्श हैं. हम बचपन से साथ क्रिकेट खेलते आए हैं. उन्होंने जो मुकाम पाया है, मैं भी उसी रास्ते पर चल रहा हूं.” वैभव ने आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों में शतक लगाकर इतिहास रच दिया था.

पिता का सपना, बेटे ने थामा हाथ
अयान के पिता एक पूर्व क्रिकेटर रहे हैं, जिन्होंने कभी भारत के लिए खेलने का सपना देखा था. आज उनका बेटा उसी सपने को साकार करने की ओर बढ़ रहा है. अयान का कहना है कि वो अपने पिता के अधूरे सपनों को पूरा करना चाहते हैं.

बिहार क्रिकेट का नया युग
एक समय में आलोचना झेल रहा बिहार क्रिकेट अब इन युवा सितारों के दम पर नई पहचान बना रहा है. वैभव और अयान जैसे खिलाड़ी यह साबित कर रहे हैं कि प्रतिभा किसी सीमाओं की मोहताज नहीं होती. यह जोड़ी आने वाले वक्त में भारतीय क्रिकेट के भविष्य की मजबूत नींव रख सकती है.