
अजित पवार के निधन से टूटा खेल जगत, सचिन से रहाणे तक बोले दिल की बात, हर किसी की आंखें नम
अजित पवार के विमान हादसे में निधन से देश शोक में डूब गया। राजनीति के साथ खेल जगत भी गमगीन दिखा। सचिन तेंदुलकर, अजिंक्य रहाणे समेत कई दिग्गजों ने भावुक संदेश देकर श्रद्धांजलि दी।
महाराष्ट्र की राजनीति के बड़े चेहरे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन की खबर ने पूरे देश को झकझोर दिया है। बुधवार सुबह बारामती में उनका विमान हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि यह हादसा इतना भीषण था कि विमान में सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। अजित पवार एनसीपी के प्रमुख भी थे और राज्य की राजनीति में उनकी गिनती मजबूत नेताओं में होती थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद सिर्फ राजनीतिक गलियारों में ही नहीं बल्कि खेल जगत में भी शोक की लहर दौड़ गई। क्रिकेट से जुड़े कई बड़े नामों ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है।
सचिन तेंदुलकर ने जताया गहरा दुख
भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर भी इस खबर से बेहद आहत नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि महाराष्ट्र ने एक कर्मठ और मजबूत नेता को खो दिया है। सचिन ने अजित पवार के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए लिखा कि इस मुश्किल समय में उनकी संवेदनाएं उनके साथ हैं। सचिन का संदेश सामने आते ही फैंस ने भी दुख जताना शुरू कर दिया। क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि अजित पवार सिर्फ राजनीति ही नहीं बल्कि खेलों के भी बड़े समर्थक रहे हैं। यही वजह है कि खेल जगत से जुड़ी हस्तियों के लिए भी यह खबर बेहद दुखद है।
रहाणे और दूसरे खिलाड़ियों की भावुक प्रतिक्रिया
मुंबई से आने वाले भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने भी अजित पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया। रहाणे ने कहा कि अजित पवार दादा के निधन की खबर सुनकर उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना जताई और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की। रहाणे के अलावा कई अन्य खिलाड़ियों और पूर्व क्रिकेटरों ने भी इस हादसे पर दुख जताया। सोशल मीडिया पर लगातार शोक संदेश सामने आ रहे हैं और हर कोई इस अचानक हुई घटना से हैरान है।
जनीति में आए क्रिकेटरों ने भी दी श्रद्धांजलि
अजित पवार के निधन पर उन क्रिकेटरों ने भी शोक जताया है जो खेल छोड़कर राजनीति में आए। पूर्व क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस से सांसद यूसुफ पठान ने इसे दिल को झकझोर देने वाली घटना बताया। उन्होंने कहा कि अजित पवार एक मेहनती और जमीन से जुड़े नेता थे। वहीं तेलंगाना सरकार में मंत्री और भारत के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भी दुख जताते हुए कहा कि यह देश और महाराष्ट्र दोनों के लिए बड़ी क्षति है। कुल मिलाकर अजित पवार का जाना ऐसा खालीपन छोड़ गया है जिसे भर पाना आसान नहीं होगा।
W88 Sports News




