
एशिया कप 2025: टीम इंडिया का ‘HAT’ ट्रंप कार्ड, एशिया कप में जीत की गारंटी!
एशिया कप 2025 में टीम इंडिया का HAT फैक्टर—हार्दिक पंड्या, अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा—बड़ी ताकत बनकर उभरे हैं। इन तीनों की शानदार फॉर्म भारत को ट्रॉफी जिताने में निर्णायक भूमिका निभा सकती है।
एशिया कप 2025 का आगाज 9 सितंबर से होने जा रहा है और भारतीय टीम पूरे जोश के साथ मैदान पर उतरने को तैयार है. लेकिन इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है टीम इंडिया के ‘HAT’ फैक्टर की. यहां HAT का मतलब टोपी नहीं बल्कि तीन ऐसे भारतीय खिलाड़ियों से है, जिनकी बल्लेबाजी एशिया कप में टीम की जीत की गारंटी मानी जा रही है.
HAT का राज़ कुछ यूं है- H का मतलब हार्दिक पंड्या, A का मतलब अभिषेक शर्मा और T का मतलब तिलक वर्मा. ये तीनों खिलाड़ी साल 2025 में भारत के लिए T20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हैं.
अभिषेक और तिलक का दमदार बल्ला
इस साल T20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन अभिषेक शर्मा ने बनाए हैं. उन्होंने केवल 5 मैचों में ही 279 रन जड़ दिए हैं. खास बात यह है कि इनमें एक शतक भी शामिल है, जब उन्होंने 135 रन की शानदार पारी खेली थी. वहीं तिलक वर्मा ने भी 5 मैचों में 133 रन बनाए हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 72 रहा है. दोनों बल्लेबाजों की सबसे बड़ी ताकत उनका आक्रामक अंदाज और लगातार रन बनाने की क्षमता है.
हार्दिक पंड्या भी हैं भरोसेमंद
हार्दिक पंड्या ने भी इस साल 5 T20 मैचों में 112 रन बनाए हैं. उनका बेस्ट स्कोर 53 रन रहा है. पंड्या की खासियत यह है कि वह जरूरत पड़ने पर टीम को संतुलन देते हैं, चाहे मध्यक्रम को संभालना हो या आखिरी ओवरों में ताबड़तोड़ हिट करना.
क्यों है खास ये HAT फैक्टर?
अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा सिर्फ रन बनाने में ही नहीं, बल्कि छक्के जड़ने में भी टॉप लिस्ट में हैं. साल 2023 से अब तक अभिषेक ने सबसे ज्यादा 182 छक्के लगाए हैं, जबकि तिलक वर्मा ने 135 छक्के जड़कर खुद को टॉप 3 भारतीय छक्केबाजों में शामिल कर लिया है. ऐसे में यह जोड़ी किसी भी गेंदबाज के लिए सिरदर्द बन सकती है.
एशिया कप में जीत की गारंटी
स्पष्ट है कि भारत के ये तीन खिलाड़ी हार्दिक, अभिषेक और तिलक यानी HAT टीम इंडिया की सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आए हैं. अगर ये अपनी फॉर्म जारी रखते हैं तो एशिया कप में भारत की जीत की राह काफी आसान हो सकती है. क्रिकेट प्रेमियों को अब बस इंतजार है 9 सितंबर का, जब मैदान पर यह HAT टीम इंडिया की किस्मत चमकाएगी.
W88 Sports News




