
T-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए ऑस्ट्रेलिया ने चला बड़ा दांव, चोटिल सितारों पर भरोसा, एशिया में जीत की तैयारी तेज
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए ऑस्ट्रेलिया ने चोटिल सितारों पर भरोसा जताते हुए मजबूत शुरुआती टीम चुनी है। मिचेल मार्श की कप्तानी में अनुभव, स्पिन और एशियाई हालात पर फोकस साफ दिखता है।
टी20 विश्व कप 2026 के लिए ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम की शुरुआती घोषणा कर दी गई है और इस टीम की कमान मिचेल मार्श को सौंपी गई है। चयनकर्ताओं ने इस बार अनुभव और संतुलन पर खास जोर दिया है। टीम में पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और टिम डेविड जैसे बड़े नाम शामिल किए गए हैं, हालांकि ये तीनों खिलाड़ी फिलहाल अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं। इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने इन पर भरोसा जताया है। वहीं, मिशेल ओवेन और बेन ड्वार्शियस जैसे खिलाड़ी इस प्रारंभिक स्क्वॉड में जगह नहीं बना सके, जिससे चयन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
चोटिल खिलाड़ियों पर क्यों जताया भरोसा
प्रमुख चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने साफ कहा है कि यह एक शुरुआती टीम है और जरूरत पड़ने पर बदलाव किए जा सकते हैं। बेली के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम ने हाल के महीनों में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है, जिससे टीम मैनेजमेंट को अलग-अलग परिस्थितियों के लिए सही संतुलन चुनने का भरोसा मिला है। उन्होंने कहा कि कमिंस, हेजलवुड और टिम डेविड की रिकवरी सही दिशा में है और उन्हें उम्मीद है कि ये खिलाड़ी विश्व कप तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे। चयनकर्ताओं का मानना है कि बड़े टूर्नामेंट में अनुभव निर्णायक साबित हो सकता है।
एशियाई हालात में स्पिन पर फोकस
भारत और श्रीलंका की परिस्थितियों को देखते हुए ऑस्ट्रेलिया ने स्पिन गेंदबाजी को खास तवज्जो दी है। टीम में एडम जैम्पा को स्पिन आक्रमण की अगुआई सौंपी गई है। उनके साथ मैथ्यू कुह्नमैन, कूपर कोनोली, ग्लेन मैक्सवेल और मैथ्यू शॉर्ट जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं, जो जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी कर सकते हैं। युवा ऑलराउंडर कूपर कोनोली पर भी चयनकर्ताओं ने भरोसा जताया है। 22 वर्षीय कोनोली अब तक ऑस्ट्रेलिया के लिए छह टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं और फिलहाल बिग बैश लीग में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
ग्रुप स्टेज और खिलाड़ियों की फिटनेस चुनौती
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया अपने अभियान की शुरुआत 11 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ करेगा। कंगारू टीम ग्रुप-B में शामिल है और उसे एशियाई पिचों पर खुद को जल्दी ढालना होगा। फिटनेस इस टीम के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। पैट कमिंस पीठ की चोट से उबर रहे हैं और उनका स्कैन जल्द होगा। टिम डेविड हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण बिग बैश लीग से बाहर हो चुके हैं, जबकि जोश हेजलवुड अकिलीज और हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे हैं। इन सभी हालात के बीच ऑस्ट्रेलिया की यह टीम अनुभव, स्पिन और संतुलन के दम पर खिताबी दावेदारी पेश करने की तैयारी में है।
W88 Sports News




