क्रिकेट

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलेगा या बाहर होगा बांग्लादेश, 24 घंटे में होगा बड़ा फैसला

टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बांग्लादेश पर संकट गहराया है। आईसीसी के 24 घंटे के अल्टीमेटम के बीच सरकार और खिलाड़ियों की अहम बैठक होगी। आज के फैसले से तय होगा खेलना या बाहर होना।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट इस समय सबसे बड़े संकट से गुजर रहा है। आज का दिन बांग्लादेश के लिए बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि सरकार और क्रिकेट बोर्ड को यह तय करना है कि टीम भारत जाकर टूर्नामेंट खेलेगी या नहीं। अगर बांग्लादेश अपने पुराने रुख पर अड़ा रहता है तो फिर अंतिम फैसला आईसीसी के हाथ में चला जाएगा। आईसीसी पहले ही साफ कर चुकी है कि अगर तय समय में स्थिति साफ नहीं हुई तो बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर किया जा सकता है। इस चेतावनी के बाद पूरे बांग्लादेश क्रिकेट में हलचल तेज हो गई है।

सरकार ने खिलाड़ियों के साथ बुलाई अहम बैठक
आईसीसी से मिले 24 घंटे के अल्टीमेटम के बाद अब बांग्लादेश सरकार हरकत में आ गई है। खबर है कि सरकार के स्पोर्ट्स सलाहकार आसिफ नजरुल ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए चुने गए सभी खिलाड़ियों को ढाका के होटल कॉन्टिनेंटल में बुलाया है। यह बैठक दोपहर तीन बजे होने वाली है और इसे बेहद अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इसी मीटिंग में बांग्लादेश के खेलने या ना खेलने की दिशा तय हो सकती है। खिलाड़ियों को सीधे सरकार की सोच से अवगत कराया जाएगा और उनकी राय भी सुनी जा सकती है।

खिलाड़ियों की राय क्यों है जरूरी
अब सवाल यह है कि बांग्लादेश सरकार खिलाड़ियों से बात क्यों करना चाहती है। माना जा रहा है कि सरकार इस संवेदनशील मुद्दे पर खिलाड़ियों का पक्ष जानना चाहती है। साथ ही सरकार यह भी समझाना चाहती है कि मौजूदा हालात में उसके सामने क्या मजबूरियां हैं। यह मीटिंग किसी टकराव के बजाय समाधान निकालने की कोशिश मानी जा रही है। होटल कॉन्टिनेंटल में होने वाली इस बैठक को बांग्लादेश क्रिकेट के भविष्य से जोड़कर देखा जा रहा है क्योंकि इसके नतीजे सीधे वर्ल्ड कप पर असर डाल सकते हैं।

आईसीसी की सख्ती और बाहर होने का खतरा
खिलाड़ियों से पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष और डायरेक्टर्स की भी स्पोर्ट्स सलाहकार आसिफ नजरुल से मुलाकात हो चुकी है। यह बैठक 21 जनवरी की रात उनके आवास पर हुई थी। इससे पहले बांग्लादेश की वेन्यू बदलने की मांग पर आईसीसी में वोटिंग हुई थी जिसमें उसे करारी हार का सामना करना पड़ा। 14 बोर्ड्स ने भारत के पक्ष में वोट किया जबकि बांग्लादेश और पाकिस्तान ही उसके साथ खड़े रहे। इसके बाद ही आईसीसी ने आखिरी 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया। अगर बांग्लादेश बाहर होता है तो उसकी जगह स्कॉटलैंड को टी20 वर्ल्ड कप खेलने का मौका मिल सकता है। अब सबकी नजरें आज होने वाले फैसले पर टिकी हैं।

W88 Sports News