क्रिकेट

टीम इंडिया में बढ़ा तनाव: गंभीर-अगरकर VS रोहित-कोहली, BCCI ने संभाली कमान, अब आगे क्या ?

टीम इंडिया में रोहित-विराट और गंभीर-अगरकर के बीच बढ़ते विवाद के बाद BCCI ने दखल दिया है। बोर्ड अब चयन, संवाद और टीम माहौल पर सख्त फैसले लेने की तैयारी में है।

भारतीय क्रिकेट में इन दिनों माहौल बेहद तनावपूर्ण बना हुआ है. टीम इंडिया के दो दिग्गज रोहित शर्मा और विराट कोहली तथा दूसरी तरफ हेड कोच गौतम गंभीर और चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर के बीच दूरियां बढ़ गई थीं. सूत्रों के मुताबिक स्थिति इतनी खराब हो गई कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत तक बंद हो गई. इसी वजह से BCCI को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे से पहले ही एक जरूरी मीटिंग बुलानी पड़ी. बोर्ड ने साफ कर दिया कि किसी भी सीनियर खिलाड़ी का सम्मान कम नहीं होना चाहिए और ड्रेसिंग रूम का माहौल खराब होना स्वीकार नहीं होगा.

BCCI की कड़ी पूछताछ
स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के अनुसार बैठक में BCCI सचिव देवजीत सैकिया, जॉइंट सेक्रेटरी प्रभतेज सिंह भाटिया, कोच गंभीर और सिलेक्टर अगरकर शामिल होंगे. यह चर्चा सिर्फ टेस्ट सीरीज की हार के लिए नहीं, बल्कि चयन में लगातार बदलाव, खिलाड़ियों से उचित संवाद ना होने और मैनेजमेंट के एकतरफा फैसलों को लेकर होगी. मामला तब बढ़ा जब मैनेजमेंट ने कहा कि रोहित और कोहली ने 2027 विश्व कप के लिए प्रतिबद्धता नहीं दी, जबकि दोनों खिलाड़ी सार्वजनिक मंच से साफ कर चुके थे कि वे खेलने को तैयार हैं.

ड्रेसिंग रूम की खामोशी से खुला राज
रांची वनडे के बाद सामने आई तस्वीरों और वीडियो ने यह साफ कर दिया है कि तनाव अंदर तक पहुंच चुका है. जश्न के दौरान विराट कोहली ने गंभीर को इग्नोर कर दिया और सीधे बाहर निकल गए. कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि टीम में हंसी-मजाक कम हो गया है और खिलाड़ी दबाव में दिख रहे हैं. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान रोहित और अगरकर के बीच भी बातचीत ना होने की खबरें आई थीं. लगातार गलतफहमियों ने खिलाड़ियों और मैनेजमेंट के बीच खाई और गहरी कर दी.

अब आगे BCCI करेगा फैसला

स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि BCCI को खुद मैदान में उतरकर मैनेजमेंट से जवाब मांगना पड़ रहा है. बोर्ड चाहता है कि रोहित और कोहली को पूरा सम्मान मिले और चयन से जुड़े फैसलों में पारदर्शिता हो. संकेत हैं कि गंभीर-अगरकर को खिलाड़ियों से संवाद बढ़ाने के निर्देश दिए जा सकते हैं. अगर ये मतभेद जल्द नहीं सुलझे, तो यह आने वाले टूर्नामेंट्स से पहले भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ा खतरा बन सकता है.

W88 Sports News