क्रिकेट

स्पॉन्सरलेस टीम इंडिया? बीसीसीआई के नए फैसले से बढ़ा सस्पेंस, जानिए कितना बढ़ा बेस प्राइस

बीसीसीआई और ड्रीम11 का करार खत्म होने के बाद एशिया कप 2025 में टीम इंडिया बिना स्पॉन्सर खेल सकती है। बोर्ड ने जर्सी स्पॉन्सरशिप का बेस प्राइस बढ़ाकर नई बोली 16 सितंबर को तय की है।

दुनिया के सबसे ताकतवर क्रिकेट बोर्ड बीसीसीआई और ड्रीम11 का करार अब खत्म हो चुका है. यह डील 2026 तक के लिए थी, लेकिन समय से पहले ही दोनों का साथ छूट गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस कारण 9 सितंबर से शुरू हो रहे एशिया कप 2025 में टीम इंडिया बिना स्पॉन्सर के मैदान में उतर सकती है.

बेस प्राइस में बड़ा इजाफा
बीसीसीआई ने इस बीच एक बड़ा फैसला लेते हुए टीम इंडिया की जर्सी स्पॉन्सरशिप का बेस प्राइस बढ़ा दिया है. अब जो भी कंपनी टीम इंडिया को स्पॉन्सर करना चाहेगी उसे हर बाइलेट्रल सीरीज के मैच के लिए 3.5 करोड़ रुपये और आईसीसी या एशिया कप जैसे टूर्नामेंट के हर मैच के लिए 1.5 करोड़ रुपये चुकाने होंगे. पहले ये रकम क्रमशः 3.17 करोड़ और 1.12 करोड़ थी.

जर्सी पर चेस्ट बनाम स्लीव की कीमत
बीसीसीआई बाइलेट्रल मैचों के लिए ज्यादा पैसे इसलिए लेता है क्योंकि इन मैचों में कंपनी का नाम खिलाड़ियों की जर्सी के चेस्ट पर होता है, जो ब्रांड के लिए सबसे प्रीमियम स्पेस है. वहीं, आईसीसी और एशिया कप जैसे टूर्नामेंट में ब्रांड का नाम सिर्फ स्लीव पर लगाया जा सकता है, इसलिए वहां बेस प्राइस कम रहता है.

बोर्ड की बड़ी कमाई का अनुमान
बीसीसीआई अगले तीन साल के लिए टाइटल स्पॉन्सर तलाश रहा है. इस दौरान कुल 130 मैच खेले जाएंगे, जिनमें टी20 वर्ल्ड कप 2026 और वनडे वर्ल्ड कप 2027 भी शामिल हैं. बोर्ड को उम्मीद है कि इस नए बेस प्राइस से उसे 400 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई होगी.

16 सितंबर को होगी बोली
बीसीसीआई ने टाइटल स्पॉन्सरशिप की बोली 16 सितंबर को रखी है. यानी एशिया कप में टीम इंडिया बिना स्पॉन्सर के खेल सकती है. खास बात यह है कि बोर्ड ने इस बार गेमिंग, बैटिंग, क्रिप्टो और तंबाकू कंपनियों के आवेदन पर बैन लगाया है. यहां तक कि स्पोर्ट्सवियर ब्रांड और बैंकिंग-फाइनेंस कंपनियां भी स्पॉन्सर नहीं बन सकतीं.

W88 Sports News