
IPL 2026 सीजन का आगाज होने से पहले दिल्ली कैपिटल्स को लगा झटका, मैच विनर गेंदबाज शुरुआती मुकाबलों से रहेगा बाहर
इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होगी, जिसको लेकर सभी 10 टीमें अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगी हुई हैं। वहीं इसी बीच कुछ बड़े खिलाड़ी जहां पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं तो वहीं कुछ शुरुआती मैचों के लिए अपनी-अपनी टीमों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। इसी में अब एक नाम दिल्ली कैपिटल्स की स्क्वाड का हिस्सा मिचेल स्टार्क का भी शामिल हो गया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तरफ से ये साफ कर दिया गया है कि स्टार्क आईपीएल 2026 के शुरुआती कुछ मुकाबलों में खेलते हुए दिखाई नहीं देंगे, जिसको लेकर उन्होंने वजह का भी खुलासा किया है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया नहीं उठाना चाहता कोई जोखिम
मिचेल स्टार्क को लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तरफ से जो बयान जारी किया गया है उसमें उन्होंने साफ किया कि वह अपने स्टार तेज गेंदबाज को लेकर किसी तरह का कोई जोखिम नहीं उठाना चाहते हैं। 36 साल के स्टार्क को लेकर ऑस्ट्रेलियाई टीम मैनेजमेंट सावधानी बरतना चाहता है, क्योंकि पिछले एक साल में उन्होंने काफी क्रिकेट खेला है। इसके अलावा अगले एक साल में भी स्टार्क इंटरनेशनल क्रिकेट में व्यस्त रहने वाले हैं। ऐसे में वह स्टार्क को लेकर किसी तरह का कोई जोखिम नहीं उठाना चाहते हैं। बता दें कि आईपीएल 2025 के सीजन में स्टार्क का गेंद से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला था, जिसमें उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से खेलते हुए 10 पारियों में 14 विकेट अपने नाम किए थे। दिल्ली कैपिटल्स के पास स्टार्क के अलावा अन्य तेज गेंदबाजों के विकल्प को देखा जाए तो उसमें टी. नटराजन, काइल जेमीसन, आकिब नबी डार और दुष्मांता चमीरा का विकल्प मौजूद है।
कमिंस और हेजलवुड को लेकर भी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दिया अपडेट
पैट कमिंस और जोश हेजलवुड का भी आईपीएल 2026 के शुरुआती कुछ मैच मिस करना तय हो गया है, जिसको लेकर भी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने बयान में साफ कर दिया है। उन्होंने बताया कि इन तीनों की उपलब्धता अगले कुछ हफ्तों में खेल में वापसी के उनके प्रोटोकॉल में हुई प्रगति पर निर्भर करेगी। अब इस स्थिति को देखते हुए इन तीनों ही खिलाड़ियों की आईपीएल टीमों को बेहतर रणनीति के साथ मैदान पर शुरुआती मैचों में खेलने उतरना होगा, जिसमें दूसरे प्रमुख गेंदबाजों के प्रदर्शन पर काफी कुछ निर्भर रहने वाला है।




