क्रिकेट

टी20 वर्ल्ड कप 2026: धोनी को मेंटोर बनाने का BCCI का दांव, क्या टीम इंडिया का मास्टरस्ट्रोक बनेगी धोनी-गंभीर की जोड़ी?

टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बीसीसीआई ने एमएस धोनी को टीम इंडिया का मेंटोर बनाने का प्रस्ताव दिया है। धोनी-गंभीर की संभावित जोड़ी को टीम के लिए गेमचेंजर माना जा रहा है। फैसला धोनी की सहमति पर निर्भर है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। जिसको लेकर सबसे बड़ी खबर यह सामने आई है कि पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को टीम इंडिया का मेंटोर बनाने का ऑफर दिया गया है। धोनी की कप्तानी में ही भारत ने 2007 का पहला टी20 वर्ल्ड कप जीता था। खास बात यह भी है कि भारत अगले वर्ल्ड कप में डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर मैदान में उतरेगा, ऐसे में धोनी की मौजूदगी टीम के लिए बड़ा मनोबल साबित हो सकती है।

मनोज तिवारी का तंज- “क्या उन्होंने फोन उठाया?”
धोनी को ऑफर दिए जाने की खबर पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर और वर्तमान में वेस्ट बंगाल सरकार में मंत्री मनोज तिवारी ने दिलचस्प बयान दिया। एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में तिवारी ने कहा कि “क्या उन्होंने फोन उठाया? क्योंकि जहां तक मुझे पता है उनसे फोन पर संपर्क करना बहुत मुश्किल है। मैसेज का जवाब भी शायद ही कभी मिलता है। कई खिलाड़ी अपने समय में इस बात का जिक्र कर चुके हैं। अगर बीसीसीआई ने उन्हें ऑफर दिया है तो सबसे पहले देखना होगा कि क्या वो इसे स्वीकार करते भी हैं या नहीं और अगर करते हैं, तो टीम इंडिया पर उनका कितना असर होगा, ये कहना फिलहाल मुश्किल है।”

धोनी-गंभीर की जोड़ी देखने लायक होगी
मनोज तिवारी ने आगे कहा कि धोनी का कप्तानी और खिलाड़ी दोनों के तौर पर अनुभव टीम इंडिया के लिए बेहद काम आएगा। युवा और स्टार खिलाड़ी आज भी उनका बहुत सम्मान करते हैं और उनकी बातों को महत्व देते हैं। उन्होंने कहा कि “सबसे दिलचस्प बात ये रहेगी कि अगर धोनी मेंटोर बनते हैं तो उनकी जोड़ी गौतम गंभीर के साथ बनेगी। गंभीर फिलहाल टीम इंडिया के हेड कोच हैं। दोनों का अनुभव और सोच टीम को नई दिशा दे सकते हैं।”

2021 में भी बने थे मेंटोर
आपको बता दें कि एमएस धोनी 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में भी भारतीय टीम के मेंटोर बने थे। हालांकि उस बार टीम इंडिया का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और सुपर-12 चरण में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड से हारकर भारत सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच पाया।

अब देखना होगा कि क्या धोनी इस बार बीसीसीआई का प्रस्ताव स्वीकार करते हैं और अगर हां, तो उनकी मौजूदगी का असर टीम इंडिया के अभियान पर कितना गहरा होता है।

W88 Sports News