IND vs ENG: अंशुल कंम्बोज की जगह हर्षित राणा को जगह देने पर भड़का पूर्व दिग्गज, एक्स पर मजा बवाल!
भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले ही टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर फैंस के निशाने पर आ गए हैं। इसका मुख्य कारण है ऑलराउंडर खिलाड़ी हर्षित राणा को टीम में जगह देना। इसको लेकर सोशल मीडिया पर बवाल मचा हुआ है। इसी के साथ ही एक दिग्गज ने अंशुल कंबोज की बजाय हर्षित राणा को स्थान देने पर हैरानी जताने के साथ ही खरी-खोटी भी सुनाई है।
हर्षित राणा को मौका देने पर भड़का ये दिग्गज
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इंग्लैड दौरे के लिए 18 खिलाड़ियों की टीम का ऐलान किया था। इसी के साथ ही अभिमन्यु ईश्वरन की कप्तानी में इंडिया ए की टीम को दो अनऑफिशियल मैचों के लिए इंग्लैंड भेजा था। लेकिन अब सीरीज शुरू होने से पहले ही हर्षित राणा टीम के साथ जुड़ गए हैं। हर्षित राणा इंडिया ए टीम का हिस्सा थे। उन्होंने कैंटरबरी में इंग्लैंड लायंस के खिलाफ पहला अनौपचारिक टेस्ट मैच खेला था। वो कैंटरबरी से लीड्स पहुंच चुके हैं।
इस चयन को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर डोडा गणेश ने सवाल खड़ा किया है। उन्होंने इसको लेकर एक्स पर नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि ‘अंशुल कम्बोज को टीम में शामिल किया जाना चाहिए था। हर्षित राणा के प्रति यह दीवानगी समझ में नहीं आती।’इसी के साथ ही डोडा गणेश ने इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स टेस्ट के लिए भारतीय टीम के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन भी चुनी है। उन्होंने अपनी प्लेइंग इलेवन में केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल, करुण नायर, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह को चुना है। डोडा गणेश ने अपनी प्लेइंग इलेवन वाली पोस्ट पर लिखा, ‘नंबर 8 तक बल्लेबाजी करने से आपको चार बेहतरीन सीम विकल्प भी मिलते हैं। यह शायद शुरुआत करने के लिए सबसे अच्छी एकादश है।’
अंशुल कंबोज ने किया शानदार प्रदर्शन
इंडिया ए से खेलते हुए अंशुल कंबोज ने अपनी परफॉर्मेंस से काफी सुर्खियां बटोरी थी। हर्षित राणा और अंशुल कंबोज दोनों ही इंडिया ए स्क्वाड का हिस्सा थे। तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज इंग्लैंड लायंस के खिलाफ 2 मैच में 43 ओवर में 26.20 के औसत से 5 विकेट अपने नाम किए थे। वहीं, दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच में इंग्लैंड लॉयंस के खिलाफ चौथे दिन तनुष कोटियान (नाबाद 90) के साथ अंशुल ने 8वें विकेट के लिए नाबाद 149 रन की अहम साझेदारी भी की थी। दूसरी ओर अगर हर्षित राणा की परफॉर्मेंस के बारे में बात करें, तो हर्षित राणा ने पहले अनऑफिशियिल मैच में सिर्फ 1 विकेट निकाला था। उन्होंने बल्ले से 16 रन बनाए थे।
सोशल मीडिया पर मचा बवाल
इंडिया ए और इंग्लैंड लॉयंस के बीच में खेले गए दोनों मुकाबलों में कई भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। लेकिन ऑलराउंडर खिलाड़ी हर्षित राणा को सीनियर टीम में बतौर विकल्प शामिल किया गया है। बता दें, हर्षित ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट डेब्यू किया था। वो अब तक दो टेस्ट, पांच वनडे और एक टी20 मैच खेल चुके हैं। लेकिन उन्हें गौतम गंभीर का लाड़ला कहा जाता है। गौतम गंभीर और हर्षित राणा को केकेआर से कनेक्शन है। इसको लेकर सोशल मीडिया पर गंभीर की खूब ट्रोलिंग हो रही है।




