क्रिकेट

18 साल बाद उजागर हुआ ‘थप्पड़गेट’: ललित मोदी ने जारी किया हरभजन-श्रीसंत विवाद का अनसीन वीडियो

18 साल पुराने हरभजन-श्रीसंत थप्पड़ विवाद का वीडियो ललित मोदी ने जारी किया। 2008 आईपीएल सीज़न की यह घटना फिर चर्चा में है। हरभजन ने इस पर पछतावा जताते हुए श्रीसंत से कई बार माफी मांगी। दोनों अब रिश्ते सुधार चुके हैं।

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पहले सीज़न यानी 2008 में हुआ ‘थप्पड़गेट’ आज भी क्रिकेट फैंस के ज़ेहन में ताज़ा है. मुंबई इंडियंस के हरभजन सिंह और किंग्स इलेवन पंजाब के तेज़ गेंदबाज एस. श्रीसंत के बीच हुए इस विवाद ने पूरे टूर्नामेंट को हिला दिया था. मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया था कि हरभजन ने मैदान पर ही श्रीसंत को थप्पड़ मार दिया था.

ललित मोदी ने दिखाया छुपा हुआ फुटेज
अब करीब 18 साल बाद आईपीएल के संस्थापक और पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी ने इस विवाद का अनदेखा वीडियो सामने ला दिया है. ऑस्ट्रेलिया के वर्ल्ड कप विजेता कप्तान माइकल क्लार्क के साथ Beyond23 क्रिकेट पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान मोदी ने यह फुटेज शेयर किया. उन्होंने बताया कि जब मैच खत्म हो गया और कैमरे बंद हो चुके थे, तब भी उनके सिक्योरिटी कैमरे ने पूरी घटना रिकॉर्ड कर ली थी. यही वीडियो अब पहली बार सार्वजनिक हुआ है.

हरभजन का पछतावा
हाल ही में हरभजन सिंह ने भी इस घटना पर खुलकर अफसोस जताया था. उन्होंने रविचंद्रन अश्विन के साथ एक शो में कहा था, “अगर मुझे जीवन में कुछ बदलने का मौका मिले, तो मैं श्रीसंत को थप्पड़ मारने वाली घटना को अपने करियर से हमेशा के लिए मिटाना चाहूंगा. जो हुआ वह गलत था और मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए था. मैंने श्रीसंत से 200 बार माफी मांगी.”

रिश्तों में आई नई गर्माहट
हालांकि इस घटना के बाद हरभजन और श्रीसंत के बीच सालों तक बातचीत बंद रही थी, लेकिन अब दोनों के रिश्ते सुधर चुके हैं. क्रिकेट से दूर होने के बावजूद दोनों दिग्गज कई मौकों पर साथ दिखे हैं और पुरानी कड़वाहट को भुला चुके हैं.

क्रिकेट जगत में फिर से चर्चा
ललित मोदी द्वारा जारी किया गया यह वीडियो क्रिकेट फैंस के बीच एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है. फैंस मान रहे हैं कि यह आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी कॉन्ट्रोवर्सी थी, जिसे अब पूरी दुनिया ने असल रूप में देख लिया है.

W88 Sports News