
इंग्लैंड में दोहरी भिड़ंत! टेस्ट के बाद 2026 में भारत-इंग्लैंड की T20 और ODI जंग का ऐलान
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज जारी है. इस वक्त भारतीय टीम मैनचेस्टर में चौथा टेस्ट मैच खेल रही है. अब तक इस सीरीज में इंग्लैंड को 2-1 की बढ़त हासिल है. भारत का ये इंग्लैंड दौरा 20 जून 2025 से शुरू हुआ था और इसका समापन 4 अगस्त को आखिरी टेस्ट मैच के साथ होगा. लेकिन इस दौरे की समाप्ति के साथ ही एक और रोमांचक ऐलान हो चुका है.
ECB ने किया 2026 दौरे का ऐलान
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने गुरुवार, 24 जुलाई को जानकारी दी कि भारतीय टीम अगले साल यानी जुलाई 2026 में एक बार फिर इंग्लैंड का दौरा करेगी. इस बार मुकाबला सफेद गेंद से होगा, जहां भारत और इंग्लैंड के बीच पांच T20 और तीन वनडे मैच खेले जाएंगे.
टी20 सीरीज: 1 जुलाई से शुरू होगी टक्कर
2026 में भारत और इंग्लैंड की टी20 सीरीज का आगाज़ 1 जुलाई को बैंक होम रिवरसाइड, डरहम में होगा. इसके बाद मुकाबले क्रमशः 4 जुलाई (मैनचेस्टर), 7 जुलाई (नॉटिंघम), 9 जुलाई (ब्रिस्टल), और 11 जुलाई (साउथहैंपटन) को खेले जाएंगे.
वनडे सीरीज: बर्मिंघम से लंदन तक जंग
टी20 सीरीज के बाद 14 जुलाई से तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी. पहला वनडे बर्मिंघम के एजबेस्टन में, दूसरा कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में और अंतिम मुकाबला क्रिकेट के ऐतिहासिक मैदान लॉर्ड्स, लंदन में 19 जुलाई को होगा.
इंग्लैंड में 2026 की गर्मी भी होगी हॉट
टेस्ट सीरीज के रोमांच के बाद अब फैंस को अगले साल की टी20 और ODI भिड़ंत का इंतजार रहेगा. ECB के इस ऐलान से साफ है कि भारत-इंग्लैंड की राइवलरी सिर्फ टेस्ट तक सीमित नहीं रहने वाली, बल्कि अगले साल भी रोमांच चरम पर होगा.




