
सिडनी में भारत का बुरा रिकॉर्ड! क्या गिल बचा पाएंगे टीम इंडिया को क्लीन स्वीप से
टीम इंडिया सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 0-2 से पिछड़ चुकी है। कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में भारतीय टीम को आखिरी वनडे में जीत दर्ज कर खराब रिकॉर्ड सुधारने और क्लीन स्वीप से बचने की चुनौती का सामना करना होगा।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज में टीम इंडिया पहले ही 0-2 से पिछड़ चुकी है. सीरीज के शुरुआती दोनों मैचों में भारतीय टीम को हार झेलनी पड़ी, जिससे ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज अपने नाम कर ली. अब तीसरा और आखिरी वनडे मुकाबला 25 अक्टूबर को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा.
सिडनी में भारत का बुरा इतिहास
सिडनी के मैदान पर भारत का रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस मैदान पर टीम इंडिया ने अब तक कुल 19 वनडे मुकाबले खेले हैं, जिनमें से सिर्फ 2 में ही जीत हासिल की है. जबकि 16 मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है. एक मैच बिना नतीजे के खत्म हुआ था. ऐसे में सिडनी में हमेशा से ऑस्ट्रेलियाई टीम का पलड़ा भारी रहा है.
गिल के सामने दोहरी चुनौती
इस बार कप्तान शुभमन गिल के सामने दोहरी चुनौती है. एक तरफ उन्हें टीम इंडिया को क्लीन स्वीप से बचाना है, दूसरी ओर सिडनी के इस खराब रिकॉर्ड को तोड़ने की कोशिश करनी है. भारतीय टीम चाहेगी कि आखिरी वनडे जीतकर आत्मविश्वास वापस हासिल करे और सीरीज का अंत सम्मानजनक ढंग से करे.
पहले दो मैचों में भारत की नाकामी
पहला वनडे पर्थ में खेला गया था, जो बारिश से प्रभावित रहा. इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट से जीत दर्ज की. भारत की टॉप ऑर्डर बल्लेबाजी पूरी तरह से फ्लॉप रही और गेंदबाज भी असरदार नहीं दिखे. वहीं दूसरा मैच एडिलेड में हुआ, जहां भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर की फिफ्टी की मदद से 264 रन बनाए. जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 46.2 ओवर में 8 विकेट पर 265 रन बनाकर मैच जीत लिया.
आखिरी मौका सिडनी में सुधार का
अब सिडनी में आखिरी मुकाबले में भारत के पास मौका है कि वह जीत दर्ज कर सीरीज का अंत जीत के साथ करे. शुभमन गिल की कप्तानी में टीम को एकजुट होकर बेहतर बल्लेबाजी और फील्डिंग करनी होगी, वरना क्लीन स्वीप तय है.
W88 Sports News




