
भारत-पाकिस्तान मैच पर सियासी बवंडर, BCCI को अरबों का खतरा – सरकार की नई नीति ने तय की सीमा
एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर विवाद गहराया है. सरकार की नई नीति के अनुसार द्विपक्षीय मैच नहीं होंगे, लेकिन टूर्नामेंट में भिड़ंत संभव है. मुकाबला रद्द हुआ तो BCCI को अरबों का नुकसान हो सकता है.
एशिया कप 2025 की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है. यह टूर्नामेंट 9 से 28 सितंबर तक संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खेला जाएगा. लेकिन खेल से ज्यादा सुर्खियां इस बार भारत-पाकिस्तान मुकाबले ने बटोरी हैं. संसद से लेकर आम जनमानस तक यही सवाल गूंज रहा है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद आखिरकार टीम इंडिया को पाकिस्तान के खिलाफ खेलने की अनुमति क्यों दी गई.
BCCI को हो सकता है अरबों का घाटा
इस विवाद के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की चिंता भी बढ़ गई है. बोर्ड ने अगले चार एशिया कप के लिए ब्रॉडकास्टिंग राइट्स 170 मिलियन डॉलर (करीब 1500 करोड़ रुपये) में पहले ही बेच दिए हैं. इसमें भारत-पाकिस्तान मैच की अहमियत सबसे बड़ी है. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह मुकाबला रद्द होता है तो BCCI को सैकड़ों करोड़ रुपये का सीधा नुकसान झेलना पड़ेगा.
विज्ञापन दरों से साफ है मैच की अहमियत
भारत-पाक मुकाबले की मांग का अंदाजा विज्ञापन दरों से लगाया जा सकता है. एक अधिकारी के अनुसार, इस मैच के दौरान 10 सेकेंड का विज्ञापन स्लॉट 25 से 30 लाख रुपये तक बिकता है. वहीं अन्य मुकाबलों में यही दर आधी से भी कम हो जाती है. जाहिर है कि पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला सिर्फ क्रिकेट नहीं बल्कि करोड़ों रुपये का कारोबार भी है.
सरकार की नई नीति से तस्वीर साफ
घमासान के बीच भारत सरकार ने नई नीति का ऐलान कर दिया है. इसके मुताबिक, भारत किसी भी खेल में पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलेगा और न ही पाकिस्तानी खिलाड़ियों को भारत आने की अनुमति दी जाएगी. हालांकि, अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में अगर भारत और पाकिस्तान आमने-सामने आते हैं, तो उस पर कोई आपत्ति नहीं होगी. यानी, एशिया कप और वर्ल्ड कप जैसे मंच पर भिड़ंत संभव है, लेकिन द्विपक्षीय मुकाबलों का रास्ता हमेशा के लिए बंद हो गया है.
W88 Sports News




