
एशिया कप 2025: भारत-पाकिस्तान का रोमांचक महामुकाबला, दुबई में फिर जगेगी 2022 की यादें
एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान महामुकाबला 14 सितंबर को दुबई में होगा। 2022 की यादें फिर ताज़ा होंगी, जब पाकिस्तान ने रोमांचक मैच में भारत को हराया था। इस बार फैंस बदले की उम्मीद में हैं।
एशिया कप का 17वां संस्करण 9 सितंबर से दुबई और अबू धाबी में शुरू होने जा रहा है. जैसे-जैसे टूर्नामेंट नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे फैंस की उत्सुकता भी चरम पर पहुंच चुकी है. भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला मेज़बान यूएई के खिलाफ खेलेगी. हालांकि, सभी की नज़रें 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले भारत-पाकिस्तान के महामुकाबले पर टिकी हैं. यह मुकाबला एक बार फिर क्रिकेट प्रेमियों को रोमांच से भर देगा.
भारत-पाक मुकाबले का इतिहास
भारत और पाकिस्तान जब-जब आमने-सामने आते हैं, तो मुकाबला हाई वोल्टेज ड्रामा से भरपूर होता है. पिछली बार जब दोनों टीमें एशिया कप टी20 फॉर्मेट में भिड़ी थीं, वह साल 2022 था. उस दौरान दोनों के बीच दो मुकाबले खेले गए थे. पहला मैच ग्रुप स्टेज में हुआ था, जिसमें भारत ने बाजी मारी थी. लेकिन सुपर 4 के अहम मुक़ाबले में पाकिस्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की थी.
दुबई में खेले गए सुपर 4 का रोमांच
सुपर 4 का मैच भी दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया था. भारत ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 181 रन बनाए. विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए, जबकि कप्तान रोहित शर्मा और केएल राहुल ने 28-28 रन जोड़े. हालांकि, मध्यक्रम फ्लॉप रहा और कोई भी बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका. पाकिस्तान के गेंदबाजों में शादाब खान ने 2 विकेट लिए, जबकि नसीम शाह, मोहम्मद हसनैन, हारिस रऊफ और मोहम्मद नवाज़ को 1-1 सफलता मिली.
पाकिस्तान का यादगार चेज़
182 रन का लक्ष्य पाकिस्तान ने आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर हासिल कर लिया था. टीम ने यह मुकाबला 5 विकेट से जीतकर इतिहास रचा. मोहम्मद रिज़वान ने 71 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज़ ने सिर्फ 20 गेंदों में 42 रन ठोककर मैच का रुख बदल दिया. अंत में आसिफ अली ने तेज़ 16 रन बनाकर पाकिस्तान की जीत सुनिश्चित की. भारत के लिए भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, हार्दिक पंड्या, रवि बिश्नोई और युजवेंद्र चहल ने 1-1 विकेट लिया.
2025 में रोमांच की नई पटकथा
अब 2025 का एशिया कप फिर से दुबई में खेला जा रहा है और भारत-पाकिस्तान का मुकाबला एक बार फिर क्रिकेट फैंस के लिए किसी महाकुंभ से कम नहीं होगा. फैंस उत्सुक हैं कि इस बार इतिहास खुद को दोहराएगा या टीम इंडिया 2022 की हार का बदला लेगी.
W88 Sports News




