
दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान. गिल-अय्यर बाहर, केएल राहुल कप्तान, पंत और जडेजा की वापसी
दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है। शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर चोटिल होने के कारण बाहर हैं जबकि केएल राहुल को कप्तानी मिली है। रवींद्र जडेजा और ऋषभ पंत की वनडे टीम में वापसी हुई है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 30 नवंबर से शुरू हो रही तीन मैचों की एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय श्रृंखला के लिए भारतीय टीम की घोषणा 23 नवंबर को कर दी गई. इस वनडे सीरीज में विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल भारतीय टीम का नेतृत्व करते दिखेंगे. नियमित कप्तान शुभमन गिल गर्दन की चोट के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे, वहीं श्रेयस अय्यर भी अपनी चोट के चलते अभी क्रिकेट से दूर रहेंगे. इस वजह से राहुल को यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है.
वर्कलोड मैनेजमेंट और चोट के कारण चार बड़े बदलाव
भारतीय टीम ने अपनी पिछली वनडे सीरीज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली थी. उस टीम का हिस्सा रहे चार खिलाड़ी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस श्रृंखला में शामिल नहीं होंगे. चोट के कारण शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर का बाहर होना तय था. वहीं, तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को कार्यभार प्रबंधन के तहत आराम दिया गया है, जबकि बाएँ हाथ के ऑलराउंडर अक्षर पटेल को टीम से बाहर किया गया है.
पंत, जडेजा सहित चार खिलाड़ियों की टीम में जोरदार वापसी
इन चार खिलाड़ियों के स्थान पर ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा, रवींद्र जडेजा और ऋषभ पंत को वनडे टीम में चुना गया है. ऋतुराज और तिलक वर्मा लगभग दो साल बाद टीम में वापस आए हैं. इन दोनों ने आखिरी वनडे मुकाबला दिसंबर 2023 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ही खेला था. ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा की बात करें तो दोनों आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद पहली बार भारत की वनडे टीम में चुने गए हैं. पंत को टीम में दूसरे विकेटकीपर के रूप में जगह मिली है.
कप्तान राहुल का पिछला रिकॉर्ड और पूरा शेड्यूल
केएल राहुल के लिए भारतीय टीम की कप्तानी करना कोई नई बात नहीं है. वह इससे पहले भी एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैचों में टीम का नेतृत्व कर चुके हैं. राहुल की कप्तानी में भारतीय टीम ने 12 वनडे मैचों में से 8 में जीत हासिल की है, जबकि चार में हार का सामना करना पड़ा है.
दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम
केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर)
रोहित शर्मा
यशस्वी जायसवाल
विराट कोहली
तिलक वर्मा
ऋषभ पंत (विकेटकीपर)
वॉशिंगटन सुंदर
रवींद्र जडेजा
कुलदीप यादव
नीतीश कुमार रेड्डी
हर्षित राणा
ऋतुराज गायकवाड़
प्रसिद्ध कृष्णा
अर्शदीप सिंह
ध्रुव जुरेल
भारत vs साउथ अफ्रीका पूरा शेड्यूल
पहला वनडे- 30 नवंबर, राँची
दूसरा वनडे- 3 दिसंबर, रायपुर
तीसरा वनडे- 6 दिसंबर, विशाखापत्तनम
पहला टी20- 9 दिसंबर, कटक
दूसरा T20- 11 दिसंबर, मुल्लांपुर
तीसरा T20- 14 दिसंबर, धर्मशाला
चौथा T20- 17 दिसंबर, लखनऊ
पाँचवाँ T20- 19 दिसंबर, अहमदाबाद
W88 Sports News




