
टीम इंडिया का ऐलान: गिल के हाथों कमान, 5 खिलाड़ियों पर गिरी गाज – कौन-कौन हुए बाहर?
वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है. शुभमन गिल को कप्तानी मिली, जबकि रवींद्र जडेजा उपकप्तान बने. करुण नायर, ईश्वरन, आकाश दीप, शार्दुल ठाकुर और अंशुल कंबोज टीम से बाहर हो गए.
वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान हो चुका है. 15 सदस्यीय टीम की कमान शुभमन गिल को सौंपी गई है. सबसे बड़ी खबर यह रही कि रवींद्र जडेजा को उपकप्तान बनाया गया है. ऋषभ पंत चोट के कारण टीम में नहीं लौट पाए और उनकी अनुपस्थिति में जडेजा को यह जिम्मेदारी दी गई है.
पांच खिलाड़ियों का टूटा सपना
टीम के ऐलान के बाद पांच खिलाड़ियों के चेहरे पर मायूसी साफ दिखी. इन खिलाड़ियों को वेस्टइंडीज सीरीज के लिए मौका नहीं मिला और उनका टीम से पत्ता साफ हो गया.
करुण नायर का बाहर होना बड़ा झटका
इंग्लैंड दौरे पर करुण नायर को 4 टेस्ट में खेलने का मौका मिला था, लेकिन सिर्फ एक अर्धशतक लगाने के बाद उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया. सेलेक्टर्स ने इस बार उन पर भरोसा नहीं जताया.
फिर छूटा अभिमन्यु ईश्वरन का मौका
ईश्वरन के साथ एक बार फिर वही हुआ जो अक्सर होता आया है. इंग्लैंड दौरे पर पूरे सीरीज बेंच पर बैठे रहे और इस बार टीम में नाम भी नहीं आया. अजीत अगरकर के मुताबिक घरेलू सीरीज में तीसरे ओपनर की जरूरत नहीं थी.
आकाश दीप की जगह प्रसिद्ध कृष्णा
इंग्लैंड दौरे पर शानदार गेंदबाजी करने वाले आकाश दीप को भी टीम में नहीं चुना गया. उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में मौका मिला है. आकाश दीप अब ईरानी ट्रॉफी में खेलते नजर आएंगे.
शार्दुल ठाकुर और अंशुल कंबोज बाहर
इंग्लैंड में दो टेस्ट खेलकर सिर्फ दो विकेट लेने वाले शार्दुल ठाकुर को भी बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है. वहीं मैनचेस्टर टेस्ट में डेब्यू करने वाले अंशुल कंबोज को भी ड्रॉप कर दिया गया.
श्रेयस अय्यर ने खुद लिया ब्रेक
श्रेयस अय्यर का चयन लगभग तय था, लेकिन उन्होंने फिटनेस का हवाला देकर इस सीरीज में हिस्सा लेने से मना कर दिया. अगरकर ने साफ कहा – अय्यर फिट होते तो वो जरूर टीम का हिस्सा होते.
W88 Sports News




