
अहमदाबाद टेस्ट में कौन चमकेगा? ये 5 भारतीय स्टार कर सकते हैं वेस्टइंडीज का खेल खराब
अहमदाबाद टेस्ट में भारत के कुलदीप यादव, शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल और अक्षर पटेल वेस्टइंडीज की टीम पर दबाव बनाने के लिए तैयार हैं। ये पांच भारतीय स्टार मैच का रुख अकेले ही बदल सकते हैं।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 2 अक्टूबर से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. घरेलू परिस्थितियों में टीम इंडिया को प्रबल दावेदार माना जा रहा है. फैन्स की नजरें इस मैच में उन खिलाड़ियों पर होंगी, जो अकेले दम पर मैच का रुख बदलने की काबिलियत रखते हैं.
कुलदीप यादव की फिरकी का जादू
टीम इंडिया के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव शानदार फॉर्म में हैं. एशिया कप 2025 में उन्होंने सबसे ज्यादा 17 विकेट चटकाए थे. अगर उन्हें पहले टेस्ट में मौका मिलता है, तो वेस्टइंडीज के बल्लेबाज उनकी फिरकी के सामने टिक पाना मुश्किल पाएंगे.
शुभमन गिल की कप्तानी पारी
भारत के नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में 754 रन ठोककर सुर्खियों में रहे थे. गिल अब अहमदाबाद में अपनी कप्तानी पारी से टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने की कोशिश करेंगे. फैन्स उनसे शतक की उम्मीद लगाए बैठे हैं.
यशस्वी जायसवाल का धमाकेदार अंदाज
युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड सीरीज में 400 से ज्यादा रन बनाए थे. घरेलू कंडीशन में उनका बल्ला और भी खतरनाक साबित हो सकता है. वेस्टइंडीज के गेंदबाजों के लिए जायसवाल की आक्रामक बल्लेबाजी सिरदर्द बन सकती है.
केएल राहुल का अनुभव
टीम इंडिया के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में 532 रन बनाकर तीसरे सबसे सफल बल्लेबाज रहे थे. अहमदाबाद की पिच पर राहुल की क्लासिक बल्लेबाजी वेस्टइंडीज पर दबाव बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है.
अक्षर पटेल की घातक गेंदबाजी
ऑलराउंडर अक्षर पटेल अहमदाबाद में पहले भी इतिहास रच चुके हैं. 2021 में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट में 11 विकेट लेकर तहलका मचाया था. अब एक बार फिर उसी मैदान पर उनकी घातक गेंदबाजी देखने को मिल सकती है.
W88 Sports News




