
भारत फिर बना एशिया का बादशाह, वर्ल्ड कप 2026 के लिए किया क्वालिफाई !
भारतीय हॉकी टीम ने 8 साल बाद एशिया कप 2025 का खिताब जीतकर चौथी बार एशिया की बादशाहत हासिल की। फाइनल में साउथ कोरिया को 4-1 से हराकर टीम ने वर्ल्ड कप 2026 के लिए सीधी क्वालिफिकेशन पाई।
8 साल के लंबे इंतजार के बाद भारतीय हॉकी टीम ने एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित कर दी है. राजगीर (बिहार) की धरती रविवार, 7 सितंबर 2025 को ऐतिहासिक लम्हे की गवाह बनी, जब हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने एशिया कप के फाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन साउथ कोरिया को 4-1 से रौंद दिया. इस जीत के साथ भारत ने चौथी बार एशिया कप का ताज अपने नाम किया और सीधे FIH मेंस वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालिफाई कर लिया, जो नीदरलैंड और बेल्जियम में खेला जाएगा.
पूल स्टेज में तीनों मुकाबले जीते
आपको बता दें टूर्नामेंट की शुरुआत से ही टीम इंडिया खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही थी. कोच क्रेग फुल्टन की रणनीति और खिलाड़ियों की शानदार फिटनेस ने इसे सही साबित किया. भारत ने पूल स्टेज में तीनों मुकाबले जीते, सुपर-4 में 3 में से 2 मैचों में जीत हासिल की और 1 मुकाबले को कोरिया के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ कराया. पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहते हुए टीम इंडिया ने खिताब की दावेदारी को अंजाम तक पहुंचाया.
शुरुआत से ही था दबदबा कायम
फाइनल मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही दबदबा कायम कर लिया था. पहले मिनट में सुखजीत सिंह ने गोल कर बढ़त दिलाई, जबकि पहले हाफ खत्म होने से पहले दिलप्रीत सिंह ने दूसरा गोल दागा. इसके बाद दूसरे हाफ में दिलप्रीत ने अपना दूसरा गोल किया और स्कोर 3-0 कर दिया. 50वें मिनट में अमित रोहिदास के गोल ने कोरिया की उम्मीदों को खत्म कर दिया हालांकि कोरिया ने 57वें मिनट में एक गोल जरूर किया, लेकिन भारत की जीत पहले ही तय हो चुकी थी.
चौथी बार जीता भारत ने खिताब
इस जीत के साथ भारत ने अपना 9वां एशिया कप फाइनल खेलते हुए चौथी बार खिताब जीता. पिछली बार भारत ने 2017 में ट्रॉफी उठाई थी, यानी ये खिताब 8 साल बाद लौटा. अब भारत और कोरिया दोनों के बीच फाइनल जीत का स्कोर 2-2 की बराबरी पर पहुंच गया है. साउथ कोरिया भले ही 5 खिताब के साथ सबसे आगे है, लेकिन भारत ने अपनी बादशाहत का डंका फिर बजा दिया और सबसे बड़ी बात राजगीर की धरती से मिली ये जीत भारत को एशिया का सम्राट ही नहीं, बल्कि वर्ल्ड कप 2026 का दावेदार भी बना चुकी है.
W88 Sports News




