
वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया का आखिरी टेस्ट, सिर्फ एक वॉर्म अप मैच, साउथ अफ्रीका से होगी सीधी टक्कर
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले टीम इंडिया सिर्फ एक वॉर्म-अप मैच खेलेगी। न्यूजीलैंड सीरीज के बाद भारत 4 फरवरी को साउथ अफ्रीका से भिड़ सकता है, जो अंतिम तैयारी का अहम टेस्ट होगा।
टीम इंडिया इस समय न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है, जिसका आखिरी मुकाबला 31 जनवरी को होगा। इस सीरीज के खत्म होते ही भारतीय टीम का पूरा फोकस टी20 वर्ल्ड कप 2026 पर आ जाएगा, जिसकी शुरुआत 7 फरवरी से होनी है। इसी बीच टीम इंडिया के वर्ल्ड कप से पहले की तैयारी को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। खबर है कि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले भारतीय टीम सिर्फ एक ही वॉर्म अप मुकाबला खेलेगी। यह मैच टीम के लिए काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि इसी के जरिए अंतिम तैयारियों को परखा जाएगा।
साउथ अफ्रीका से हो सकता है इकलौता अभ्यास मैच
रिपोर्ट के मुताबिक, टीम इंडिया का यह इकलौता वॉर्म अप मुकाबला साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला जा सकता है। यह मैच 4 फरवरी को मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में होने की संभावना है। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज खत्म होने के बाद भारतीय खिलाड़ी 1 फरवरी को तिरुवनंतपुरम से रवाना होंगे और 3 फरवरी को मुंबई में टीम के साथ दोबारा जुड़ेंगे। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में यह मुकाबला वर्ल्ड कप से पहले टीम की लय और संयोजन को जांचने का आखिरी मौका होगा।
आईसीसी की घोषणा का इंतजार, देरी की वजह भी सामने आई
हालांकि अभी तक आईसीसी की ओर से वॉर्म अप मैचों का आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। बीसीसीआई और साउथ अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड से जुड़े सूत्रों ने इस मुकाबले की संभावना जरूर जताई है, लेकिन पुष्टि आईसीसी के ऐलान के बाद ही होगी। वॉर्म अप मैचों के शेड्यूल में देरी की वजह बांग्लादेश का टूर्नामेंट से बाहर होना और उसकी जगह स्कॉटलैंड का शामिल होना बताया जा रहा है। उम्मीद है कि 26 जनवरी को आईसीसी अभ्यास मैचों की सूची जारी कर देगा।
ग्रुप अलग अलग, लेकिन मुकाबला होगा खास
टी20 वर्ल्ड कप में भारत और साउथ अफ्रीका अलग अलग ग्रुप में हैं। भारत ग्रुप ए में पाकिस्तान, नीदरलैंड्स, अमेरिका और नामीबिया के साथ है। वहीं साउथ अफ्रीका ग्रुप डी में कनाडा, अफगानिस्तान, न्यूजीलैंड और यूएई के साथ शामिल है। साउथ अफ्रीका अपना पहला मैच 9 फरवरी को अहमदाबाद में खेलेगा, जबकि भारत 7 फरवरी को मुंबई में अपने अभियान की शुरुआत करेगा। ऐसे में वॉर्म अप मैच में इन दोनों टीमों की भिड़ंत वर्ल्ड कप से पहले दोनों के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाली साबित हो सकती है।
W888 Sports News




