
ऋषभ पंत के बाहर होते ही BCCI की नजर ईशान किशन पर, 5 बड़ी वजहें बन सकती हैं वापसी की सीढ़ी!
ऋषभ पंत के चोटिल होने के बाद बीसीसीआई की नजर अब ईशान किशन पर है. रिपोर्ट्स के मुताबिक पांचवें टेस्ट के लिए उन्हें टीम में शामिल किया जा सकता है, जिसके पीछे पांच अहम वजहें बताई जा रही हैं.
मैनचेस्टर टेस्ट के पहले दिन भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा जब विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ऋषभ पंत को दाएं पैर में गंभीर चोट लग गई. गेंदबाज़ क्रिस वोक्स की बाउंसर पर वह असहज नजर आए और स्कैन में उनके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई. बीसीसीआई के मेडिकल पैनल ने उन्हें कम से कम छह हफ्तों का आराम सुझाया है, जिससे तय है कि वह मौजूदा टेस्ट सीरीज़ से बाहर हो गए हैं.
कौन भरेगा पंत की जगह?
ऋषभ पंत के बाहर होने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिरी टेस्ट में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी कौन संभालेगा. ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, चयनकर्ता ईशान किशन को पांचवें टेस्ट के लिए टीम में शामिल करने पर विचार कर रहे हैं. अगर यह फैसला होता है, तो ईशान लगभग दो साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी करेंगे.
ईशान किशन की संभावित वापसी
ईशान किशन ने अपना आखिरी टेस्ट मैच जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था. वहीं उनका भारत के लिए आखिरी मैच नवंबर 2023 में एक T20 मुकाबला था. बीसीसीआई के सूत्रों के अनुसार, चयन समिति ने ईशान से संपर्क किया है और वह ओवल में खेले जाने वाले पांचवें टेस्ट के लिए टीम से जुड़ सकते हैं.
ईशान को चुनने की 5 बड़ी वजहें
ईशान किशन को ऋषभ पंत का विकल्प मानने के पीछे कई मजबूत आधार हैं.
विकेटकीपर-बल्लेबाज़ की भूमिका: दोनों की भूमिका एक जैसी है.
आक्रामक बैटिंग स्टाइल: ईशान की बल्लेबाज़ी शैली भी पंत जैसी ही तेजतर्रार है.
अनुकूल बैटिंग पोजिशन: उन्हें पंत की जगह खेलने में किसी बदलाव की जरूरत नहीं होगी.
काउंटी में शानदार प्रदर्शन: नॉर्थेम्प्टनशर के लिए उन्होंने 87 और 77 रन की पारी खेली है.
इंग्लैंड के हालात से परिचित: इंडिया ए और काउंटी खेलने का अनुभव उन्हें तुरंत सेट होने में मदद करेगा.
फैसला जल्द?
अब देखना दिलचस्प होगा कि बीसीसीआई कब इस पर अंतिम फैसला लेती है. लेकिन संकेत यही हैं कि पंत की गैरमौजूदगी में ओवल टेस्ट में ईशान किशन को एक और मौका मिल सकता है.




