क्रिकेट

जसप्रीत बुमराह नहीं होंगे एशिया कप 2025 में टीम इंडिया का हिस्सा, जानिए क्यों हो रही इसकी चर्चा

भारतीय क्रिकेट टीम इस समय ओवल के मैदान पर 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच इंग्लैंड के साथ में खेल रही है। लेकिन ओवल टेस्ट के बीच से ही जसप्रीत बुमराह वापसी कर रहे हैं। कोच गौतम गंभीर ने जसप्रीत बुमराह को ओवल टेस्ट की प्लेइंग-11 से भी बाहर रखा है। अब कहा जा रहा है कि खिलाड़ी आगामी एशिया कप से भी बाहर हो सकते हैं। ऐसा जिक्र क्यों हो रहा है? जानिए…

जसप्रीत बुमराह नहीं खेलेंगे एशिया कप 2025?

भारतीय टीम के धाकड़ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैच की टेस्ट सीरीज के आखिरी मुकाबले के दौरान टीम इंडिया का साथ छोड़ना पड़ा है। उनके वर्कलोड को मैनेज करने के लिए टीम मैनेजमेंट ने ये अहम फैसला लिया। अब कहा जा रहा है कि जसप्रीत बुमराह टीम इंडिया के साथ एशिया कप 2025 की स्क्वाड का भी हिस्सा नहीं होंगे।

दरअसल, एशिया कप का फाइनल 29 सितंबर को खेला जाएगा और टीम इंडिया को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला टेस्ट मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 2 अक्टूबर से 6 अक्टूबर तक खेलना है। जिसके बाद न्यूज एजेंसी पीटीआई ने बीसीसीआई के एक सूत्र के हवाले से लिखा कि ‘अगर तेज गेंदबाज एशिया कप में खेलते हैं और टीम इंडिया फाइनल में अपनी जगह बना लेती है तो ये सवाल जरूर उठेगा की बुमराह वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलेंगे या एशिया कप को अहमियत देंगे

बुमराह को दिया जा रहा है एक महीने का ब्रेक

इसी सूत्र ने आगे अपनी बात में पीटीआई को बताया है कि ‘अगर एशिया कप में बुमराह खेलते हैं तो उसके बाद उन्हें एक महीने का ब्रेक दिया जाएगा और फिर वो साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैच खेलते हुए नजर आ सकते हैंइसका फैसला अजीत अगरकर और गौतम गंभीर को लेना हैये फैसला काफी जरूरी होगा क्योंकि बुमराह को टेस्ट क्रिकेट पसंद है और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पॉइंट्स भी जरूरी है जहां तक टी20 क्रिकेट की बात है तो वो जनवरी महीने में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज खेल सकते हैं ताकि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए उनकी तैयारी भी हो जाए

इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों में लिए 14 विकेट

जसप्रीत बुमराह को लेकर पहले ही साफ कर दिया गया था कि वो 5 मैचों की सीरीज के सिर्फ तीन मैचों में ही टीम का हिस्सा होंगे। ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैच में उन्होंने 26 के औसत से 14 विकेट झटके हैं। लेकिन अब इस बात का फैसला होना है कि खिलाड़ी को एशिया कप के लिए टीम में स्थान दिया जाएगा या नहीं। बता दें, टी-20 फॉर्मेट में 9 सिंतबर से एशिया कप की शुरुआत हो रही है।