
स्मृति मंधाना की शादी टली, मुश्किल वक्त में जेमिमा रोड्रिग्स ने लिया ये बड़ा फैसला
स्मृति मंधाना की शादी पिता की तबीयत बिगड़ने के कारण टल गई। जेमिमा रोड्रिग्स ऑस्ट्रेलिया से आई थीं, लेकिन हालात देखते हुए उन्होंने WBBL में वापस न जाकर स्मृति के साथ रहने का फैसला लिया, जिसे फ्रेंचाइजी ने भी समर्थन दिया।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना 23 नवंबर को पलाश मुच्छल के साथ शादी करने वाली थीं. शादी की तैयारियां पूरे जोश में थीं और टीम इंडिया की कई खिलाड़ी, जिनमें जेमिमा रोड्रिग्स भी शामिल थीं, स्मृति के घर पहुंच चुकी थीं. लेकिन शादी से ठीक एक दिन पहले हालात अचानक बदल गए जब स्मृति के पिता की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई. परिवार ने तुरंत शादी टालने का फैसला लिया. माहौल भावुक हो गया और टीम की साथी खिलाड़ी भी इस फैसले से दुखी दिखाई दीं.
जेमिमा ने दोस्ती निभाई, लिया फैसला
जेमिमा रोड्रिग्स इस समय ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे WBBL 2025 सीजन में ब्रिस्बेन हीट टीम का हिस्सा थीं. महिला वनडे वर्ल्ड कप के बाद वह टूर्नामेंट में खेलने ऑस्ट्रेलिया पहुंची थीं, लेकिन स्मृति की शादी के लिए भारत लौटीं. योजना के मुताबिक शादी में शामिल होकर उन्हें फिर वापस ऑस्ट्रेलिया जाना था. लेकिन स्मृति के परिवार में आए इस अचानक संकट को देखते हुए जेमिमा ने वापस न लौटने और स्मृति के साथ रहने का बड़ा फैसला लिया. उन्होंने फ्रेंचाइजी से अनुरोध किया कि उन्हें बाकी बचे चार मैचों के लिए न बुलाया जाए.
ब्रिस्बेन हीट ने समझदारी दिखाई, जारी किया बयान
जेमिमा के निर्णय पर ब्रिस्बेन हीट की तरफ से सकारात्मक प्रतिक्रिया आई. फ्रेंचाइजी के सीईओ टैरी सेवनसन ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि जेमिमा ने स्मृति के परिवार की स्थिति को देखते हुए भारत में रहने की इच्छा जताई है. उन्होंने कहा कि हीट टीम जेमिमा के फैसले का सम्मान करती है और पूरी सहानुभूति स्मृति मंधाना और उनके परिवार के साथ है. सेवनसन ने आगे कहा कि वे स्मृति के पिता के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं और जेमिमा के ईमानदार निर्णय की सराहना करते हैं.
जेमिमा का दिल जीतने वाला कदम, फैंस ने की तारीफ
जेमिमा ने भी टीम को बताया कि वह वापस न लौट पाने से निराश जरूर हैं, लेकिन परिस्थिति को देखते हुए यह फैसला सही है. उन्होंने क्लब और फैन्स का धन्यवाद किया कि उन्होंने इस संवेदनशील स्थिति को समझा. सोशल मीडिया पर फैंस जेमिमा की इंसानियत और दोस्ती की मिसाल की जमकर तारीफ कर रहे हैं. वहीं क्रिकेट जगत भी कह रहा है कि यही वो वजह है जिससे भारतीय महिला टीम सिर्फ मैदान पर नहीं, बल्कि मैदान के बाहर भी एक परिवार की तरह मजबूती से खड़ी रहती है.
W88 Sports News




