
गुवाहाटी टेस्ट में यानसन का कहर, बनाया ये खास रिकॉर्ड, भारत 201 पर ढेर, साउथ अफ्रीका ने ली 288 रन की बढ़त,
गुवाहाटी टेस्ट में मार्को यानसन ने 6 विकेट लेकर भारत की पारी 201 पर समेट दी। उनकी बाउंसर्स और तेज़ गेंदबाज़ी से भारत संघर्ष करता दिखा। दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी के बाद 288 रनों की मजबूत बढ़त बना ली।
गुवाहाटी टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के तेज़ गेंदबाज़ मार्को यानसन ने टीम इंडिया के खिलाफ बल्ले और गेंद दोनों से बड़ा प्रभाव छोड़ा। तीसरे दिन उन्होंने अकेले भारतीय बल्लेबाज़ों की आधी पारी समेट दी। यानसन ने सिर्फ 48 रन देकर 6 विकेट हासिल किए, जिसकी बदौलत भारत की पहली पारी 201 रन पर सिमट गई। इस शानदार प्रदर्शन के चलते दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 288 रनों की मजबूत बढ़त बना ली और मैच पर पूरा दबदबा कायम कर लिया।
यानसन की बाउंसर्स ने तोड़ी बल्लेबाजी की ‘कमर’
भारतीय पिचों पर आमतौर पर स्पिनर प्रभावी रहते हैं, लेकिन गुवाहाटी में यानसन की बाउंसर्स और तेज़ी ने भारतीय बल्लेबाज़ों को संघर्ष करने पर मजबूर कर दिया। 6 फीट 8 इंच लंबे इस गेंदबाज़ ने ध्रुव जुरेल, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, नीतीश रेड्डी, कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह जैसे महत्वपूर्ण विकेट आसानी से हासिल कर लिए। हैरानी की बात यह रही कि उनके छह में से पाँच विकेट बाउंसर पर गिरे, जो बताता है कि भारतीय बल्लेबाज़ उनकी ऊँची उछाल को समझ ही नहीं पाए।
यानसन ने कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड भी बनाए
इस प्रदर्शन के साथ यानसन ने कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड भी बनाए। यह भारत में उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन रहा। वह पहले दक्षिण अफ्रीकी लेफ्ट-आर्म गेंदबाज़ बने जिन्होंने भारतीय सरज़मीं पर 50+ रन भी बनाए और एक ही पारी में पाँच विकेट भी झटके। इससे पहले दुनिया में केवल तीन खिलाड़ी ही ऐसा कर पाए हैं। यह उपलब्धि आखिरी बार 1976 में इंग्लैंड के जॉन लीवर ने हासिल की थी। दक्षिण अफ्रीका की ओर से यह कमाल 25 साल बाद हुआ है। इससे पहले 2000 में निकी बोए ने भारत में ऐसा किया था।
भारत को 201 रन पर किया आलआउट
भारत को मात्र 201 पर आउट करने के बावजूद दक्षिण अफ्रीका ने टीम इंडिया को फॉलोऑन नहीं दिया, जो एक अलग रणनीति की ओर इशारा करता है। ऐसा पहली बार हुआ जब किसी टीम ने भारतीय सरज़मीं पर भारत के खिलाफ 288 रनों की बढ़त लेने के बाद भी फॉलोऑन नहीं दिया। यानसन की घातक गेंदबाजी ने मैच का पूरा रुख बदल दिया और भारत के लिए वापसी बेहद कठिन बना दी। यह हार टीम इंडिया के बल्लेबाजों की तकनीक और तैयारी दोनों पर सवाल खड़े करती है।
W88 Sports News




