
Asia Cup से बाहर Pakistan के खिलाड़ी ने दिया सेलेक्टर्स को मुंहतोड़ जवाब, किया अब ये बड़ा काम !
एशिया कप 2025 से बाहर होने के बाद मोहम्मद रिजवान ने CPL 2025 में धमाका किया। सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के लिए उन्होंने गयाना के खिलाफ 62 गेंदों पर 85 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द मैच बने।
एशिया कप 2025 की पाकिस्तानी टीम से बाहर होने के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने कैरेबियन प्रीमियर लीग यानी CPL का रुख किया. यहां उन्हें सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स ने अपने साथ जोड़ा. टीम से जुड़ते ही रिजवान ने बल्ले से ऐसा कमाल दिखाया कि विरोधी खेमे में खलबली मच गई. 8 सितंबर को गयाना अमेजन वॉरियर्स के खिलाफ उन्होंने मैच जिताऊ पारी खेलकर अपनी टीम को बड़ी जीत दिलाई. बता दें मैच में सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स ने पहले बल्लेबाजी की. आंद्रे फ्लेचर के साथ रिजवान ने पारी का आगाज किया. फ्लेचर जल्दी आउट हो गए, लेकिन रिजवान डटे रहे और लगातार रन बनाते रहे.
अकेले बनाए आधे से ज्यादा रन
हैरानी की बात ये रही कि गयाना का कोई भी गेंदबाज उन्हें आउट नहीं कर सका आखिरकार रिजवान रन आउट हुए, लेकिन तब तक वो अपनी टीम के लिए मजबूत नींव रख चुके थे. इस मुकाबले में रिजवान ने सिर्फ 62 गेंदों पर 85 रन ठोके, जिसमें 8 चौके और 3 छक्के शामिल थे. उनकी स्ट्राइक रेट 137 से ज्यादा रही. पाकिस्तान की टीम से बाहर होने के बाद ये CPL में उनकी सबसे शानदार पारी रही. इतना ही नहीं, CPL 2025 में अब तक उन्होंने 5 मुकाबलों में 188 रन बना डाले हैं, जिसमें 13 चौके और 9 छक्के शामिल हैं. उनके बल्ले से निकले कुल 22 चौके-छक्के पाकिस्तानी टीम में उनकी कमी को साफ दिखाते हैं. इस मैच में उनकी अहमियत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जहां टीम के बाकी 5 बल्लेबाज मिलकर सिर्फ 64 रन जोड़ पाए, वहीं रिजवान ने अकेले 85 रन ठोक दिए.
नसीम शाह की गेंदबाजी ने बढ़ाई चमक
सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स ने रिजवान की पारी की बदौलत 20 ओवर में 6 विकेट पर 149 रन बनाए. जवाब में गयाना अमेजन वॉरियर्स 144 रन ही बना सके और मुकाबला हार गए. गेंदबाजी में पाकिस्तानी तेज गेंदबाज नसीम शाह छा गए. उन्होंने 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट निकाले। इस प्रदर्शन के बाद CPL 2025 में उनके विकेटों की संख्या 10 पहुंच गई.बता दें CPL 2025 में सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स ने अब तक 3 मुकाबले जीते हैं, जिनमें से 2 जीतें उन्हें रिजवान के टीम से जुड़ने के बाद मिलीं. साफ है कि रिजवान की मौजूदगी ने टीम के प्रदर्शन में नई जान फूंक दी है. गयाना के खिलाफ उनकी शानदार बल्लेबाजी ने उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी बनाया. पाकिस्तान टीम से बाहर होने के बाद रिजवान का ये नया अवतार दिखा रहा है कि वो अभी भी बड़े मंच पर दमखम दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
W88 Sports News




