क्रिकेट

मुशीर खान: इंग्लैंड में उभरा भारत का नया ऑलराउंडर तूफान

मुशीर खान ने इंग्लैंड दौरे पर तीन शतक और एक मैच में 10 विकेट लेकर शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया है। चोट से वापसी कर उन्होंने खुद को साबित किया और भारतीय क्रिकेट को एक नया उभरता सितारा मिल गया है।

टीम इंडिया के भरोसेमंद टेस्ट बल्लेबाज सरफराज खान के छोटे भाई मुशीर खान ने क्रिकेट की दुनिया में अपनी खुद की पहचान बनानी शुरू कर दी है. मुंबई के इस युवा ऑलराउंडर का इंग्लैंड दौरा ऐतिहासिक बनता जा रहा है, जहां उन्होंने बल्ले और गेंद से ऐसा प्रदर्शन किया है जिसने सभी को चौंका दिया है.

तीन मैच, तीन शतक – बल्लेबाजी में आग
इमर्जिंग मुंबई टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर पहुंचे मुशीर ने लगातार तीन मुकाबलों में शतक जड़कर अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवा लिया है. लॉफबोरो यूसीसीई के खिलाफ खेले गए तीसरे मैच में उन्होंने 116 गेंदों में 102 रनों की आक्रामक पारी खेली. 14 चौके और 1 छक्का जड़ते हुए उनका स्ट्राइक रेट 87.93 रहा और उन्होंने इंग्लिश गेंदबाजों की एक न चलने दी.

बॉलिंग में धमाका – एक मैच में 10 विकेट
सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, मुशीर की गेंदबाजी भी कहर बरपा रही है. 3 जुलाई को खेले गए मुकाबले में उन्होंने पहली पारी में 6 और दूसरी पारी में 4 विकेट झटके. कुल 10 विकेट अपने नाम करते हुए उन्होंने बता दिया कि वो एक सम्पूर्ण ऑलराउंड पैकेज हैं. मैच भले ही ड्रॉ रहा हो, लेकिन पूरा मुकाबला उनके नाम रहा.

नॉटिंघमशर के खिलाफ भी चमके थे मुशीर
30 जून को नॉटिंघमशर सेकंड इलेवन के खिलाफ भी मुशीर ने 123 रनों की पारी खेली थी. उनकी ये पारी 127 गेंदों में आई, जिसमें 14 चौके शामिल थे. मुंबई ने उस मैच में 448 रन बनाए और विरोधी टीम को फॉलोऑन पर मजबूर कर दिया.

चोट से वापसी, अब स्टारडम की ओर कदम
पिछले साल एक भयानक कार एक्सीडेंट में उनकी गर्दन में गंभीर चोट लगी थी. लेकिन मुशीर ने हार नहीं मानी. लंबा रिहैब, कड़ी मेहनत और मजबूत इरादों के साथ उन्होंने मैदान पर शानदार वापसी की है. रेड बॉल क्रिकेट में उनका यह जलवा सिर्फ एक खिलाड़ी की वापसी नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट को मिले एक नए सितारे का संकेत है.