क्रिकेट

मैनचेस्टर टेस्ट से पहले टीम इंडिया को एक और झटका, नीतीश रेड्डी चोट के चलते सीरीज से बाहर

मैनचेस्टर टेस्ट से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है. नीतीश रेड्डी लिगामेंट इंजरी के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं. पहले ही कई खिलाड़ी चोटिल हैं, जिससे टीम का संतुलन और चयन मुश्किल हो गया है.

इंग्लैंड के खिलाफ पहले ही टेस्ट सीरीज में पिछड़ चुकी टीम इंडिया की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. मैनचेस्टर में खेले जाने वाले चौथे टेस्ट से पहले भारतीय खेमे को एक और बड़ा झटका लगा है. युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी अब चोट के चलते सीरीज से बाहर हो गए हैं.

जिम सेशन में लगी गंभीर चोट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार 20 जुलाई को टीम इंडिया के ट्रेनिंग सेशन के दौरान रेड्डी को घुटने में चोट लगी. जिम में वर्कआउट के दौरान उन्हें लिगामेंट इंजरी हुई है, जिसकी पुष्टि स्कैन रिपोर्ट से हुई. इसी के साथ साफ हो गया है कि रेड्डी अब इस टेस्ट सीरीज में वापसी नहीं कर पाएंगे.

सीरीज में नहीं मिला खास मौका
नीतीश रेड्डी को सीरीज के पहले मैच में प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी. दूसरे टेस्ट में उन्होंने शार्दुल ठाकुर की जगह टीम में एंट्री ली, लेकिन बल्ले और गेंद दोनों से वह प्रभावित नहीं कर सके. हालांकि तीसरे टेस्ट में उन्होंने थोड़ी वापसी की कोशिश की और तीन विकेट झटके, साथ ही दो पारियों में 30 और 13 रन बनाए.

पहले ही कई खिलाड़ी चोटिल
रेड्डी से पहले तेज गेंदबाज आकाश दीप और अर्शदीप सिंह भी चोट के कारण टीम से बाहर हो चुके हैं. आकाश दीप को पीठ में दर्द है, जबकि अर्शदीप के हाथ में गहरा घाव है. इन दोनों की जगह अब सेलेक्टर्स ने अंशुल कंबोज को स्क्वॉड में शामिल किया है.

विकल्प के तौर पर शार्दुल मौजूद
रेड्डी की गैरमौजूदगी में टीम इंडिया के पास ऑलराउंडर के रूप में शार्दुल ठाकुर विकल्प के तौर पर मौजूद हैं. हालांकि, लगातार चोटों से जूझती भारतीय टीम के लिए मैनचेस्टर टेस्ट में संतुलन बनाए रखना अब एक बड़ी चुनौती बन चुका है.

23 जुलाई से शुरू हो रहे चौथे टेस्ट में भारत पर जीत का दबाव तो है ही, अब खिलाड़ियों की चोटों ने टीम मैनेजमेंट और कोच गौतम गंभीर की टेंशन और बढ़ा दी है.