
लॉर्ड्स टेस्ट के दूसरे दिन कप्तान गिल की हुई अंपायर से तीखी बहस, फिर सेशन के आखिर में गुस्सा हंसी में बदला, जानिए क्यों?
भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड टीम के बीच में 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। जिसका तीसरा मैच लॉर्ड्स के ऐतिहासिल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल और मैच के अंपायर के बीच में काफी बहस देखने को मिली। हालांकि, इस बहस से कुछ ही देर के बाद टीम इंडिया के कप्तान अंपायर की गलती पर हसंते भी दिखे। क्या है पूरी बात? जानिए..
शुभमन गिल की हुई अंपायर से बहस
भारतीय टीम को लीड्स में हार और एजबेस्टन में जीत मिली। जिसके बाद भारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच में सीरीज 1-1 से बराबरी पर है। अब लॉर्ड्स टेस्ट में हार और जीत इस सीरीज पर काफी असर डालने वाली है। लेकिन मैच में कप्तान शुभमन गिल और अंपायर के बीच में काफी बहस देखने को मिली। इंग्लैंड की पारी के दौरान एक ही सेशन में टीम इंडिया को 2 बार गेंद बदलनी पड़ गई और इसे लेकर एक बार तो गिल की जोरदार बहस हो गई, लेकिन कुछ ही देर अचानक उनके तेवर बदल गए और वो हंसने लगे।
कप्तान गिल और अंपायर के बीच क्यों हुई बहस
लॉर्ड्स टेस्ट के दूसरे दिन के पहले सेशन में जो रूट के शानदार शतक लगाया। उन्होंने पहली ही गेंद पर चौका जमाया और अपना 37वां शतक पूरा किया। फिर जसप्रीत बुमराह का कहर देखने को मिला, जिन्होंने रूट और बेन स्टोक्स समेत 3 बल्लेबाजों को पवेलियन लौटा दिया और टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि, इसके बाद 91वें ओवर में कप्तान गिल और अंपायरों के बीच में बहस देखने को मिली।
दरअसल, टीम इंडिया ने दूसरी नई बॉल को बदलने की मांग की। अंपायर इसे बदलने को तैयार हो गए थे और सिर्फ 10.3 ओवर पुरानी गेंद को बदलने का फैसला किया गया। लेकिन इसके बदले टीम इंडिया को जो गेंद दी गई थी, उस पर बवाल मच गया था। भारतीय टीम का मानना था कि बदली हुई गेंद काफी पुरानी थी। कप्तान गिल इस दौरान अंपायर से बहस करने लगे और यहां तक कि अंपायर के हाथ से गेंद भी छीन ली। ये बहस बहुत तीखी थी और गिल का पारा बहुत हाई था। जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई।
फिर गिल का गुस्सा हंसी में बदला
अंपायर के साथ बहस के दौरान कप्तान शुभमन गिल काफी गुस्से में नजर आ रहे थे। लेकिन सेशन खत्म होते-होते ये गुस्सा हंसी में बदल गया। इसका कारण था कि टीम इंडिया को मिली जिस गेंद पर गिल भड़क गए थे, उसे भी सिर्फ 8 ओवर के बाद ही बदलना पड़ा क्योंकि उसका भी आकार बदल गया था। जिसके बाद जब टीम इंडिया को तीसरी गेंद मिली, तो भारतीय कप्तान के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।




